टीआरई-4 अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर; बिहार के शिक्षा मंत्री ने कहा- एक सप्ताह में दिखेगा बदलाव
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने टीआरई-4 बहाली पर बयान दिया है कि कोई भर्ती नहीं फंसेगी। उन्होंने शिक्षा विभाग में ...और पढ़ें

शपथ ग्रहण के बाद सीएम सम्राट चौधरी के साथ शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी। सौ-एक्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी में टीआरई 4 के विज्ञापन की मांग कर रहे छात्रों के जोरदार प्रदर्शन और लाठी चार्ज के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा है कि कोई भी बहाली नहीं फंसेगी। एक हफ्ते में शिक्षा विभाग के लिए विजन साझा करेंगे। मंत्री ने कहा कि विभाग में सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया को दिए बयान में मंत्री ने टीआरई 4 की बहाली के मुद्दे पर कहा कि कुछ भी नहीं फंसेगा। जो भी उलझे तार हैं, उन्हें सुलझाएंगे।
शिक्षा विभाग में नहीं चलेगी लेटलतीफी
मंत्री ने कहा कि वे नीचे से आए व्यक्ति हैं, शिक्षक रहे हैं। इसलिए सब पता है कि कहां क्या होता है। किस तरह से विभाग में लेटलतीफी होती है।
छोटा सा काम लेकर जाने पर कितना दौड़ाया जाता है। मंत्री के कहने पर भी घुमाया जाता है, इसको देखते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करेंगे। ताकि लोगों को दस दरवाजे की दौड़ नहीं लगानी पड़े।
मंत्री ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने चरवाहा विद्यालय से आईआईएम तक का सफर तय किया है। अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और रोजगार पर काम करेंगे।
सबके साथ बैठकर करेंगे समाधान
सबके साथ बैठकर समस्या समझेंगे और सब मिलकर समाधान ढूंढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में सारा बदलाव होगा।
उन्होंने पूर्व मंत्री सुनील कुमार के कार्यों की सराहना की। कहा कि वे सदन में लगातार शिक्षा विभाग से जुड़े मामले उठाते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- TRE 4 के विज्ञापन के लिए पटना में बड़ा बवाल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई छात्र चोटिल
