विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC APO Result: CNLU की मुफ्त कोचिंग का शानदार रिजल्ट, 39 अभ्यर्थियों ने पास की प्रारंभिक परीक्षा

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:36 PM (IST)

चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (CNLU), पटना के निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के 39 अभ्यर्थियों ने BPSC सहायक अभियोजन पदाधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है। 

100 अभ्यर्थियों ने लिया था नामांकन, 39 ने मारी बाजी

100 अभ्यर्थियों ने लिया था नामांकन, 39 ने मारी बाजी

HighLights

  1. CNLU की मुफ्त कोचिंग से 39 अभ्यर्थियों ने APO परीक्षा पास की।

  2. आर्थिक रूप से कमजोर अल्पसंख्यक छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

  3. विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, मॉक टेस्ट और छात्रावास सुविधा भी उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक अभियोजन पदाधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा में चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (CNLU), पटना के निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शानदार प्रदर्शन रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से संचालित अल्पसंख्यक निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के 39 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है।

खास बात यह है कि सफल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के नियमित विद्यार्थी नहीं, बल्कि मुफ्त कोचिंग कार्यक्रम के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस सफलता से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों को नई पहचान मिली है।

100 अभ्यर्थियों ने लिया था नामांकन, 39 ने मारी बाजी

सीएनएलयू के निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के तहत करीब 100 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया था। इनमें से औसतन 55 से 60 अभ्यर्थी नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल होते थे। अब इनमें से 39 अभ्यर्थियों ने BPSC की APO प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

विश्वविद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।

महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाने वाले छात्रों को मिला मौका

विश्वविद्यालय के कुलपति और कार्यक्रम के निदेशक प्रो. फैजान मुस्तफा ने कहा कि CNLU समान अवसर, समावेशिता और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पहल केवल परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। खासकर ऐसे अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है, जो महंगी निजी कोचिंग का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

न्यायिक सेवा और APO परीक्षा की भी कराई जाती है तैयारी

इस निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी अभ्यर्थियों को बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा और सहायक अभियोजन पदाधिकारी (APO) समेत विभिन्न विधिक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून और न्यायिक क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने का अवसर देना है।

मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय है नोडल एजेंसी

इस कार्यक्रम के संचालन में मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, पटना नोडल एजेंसी की भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा कोचिंग में शामिल अभ्यर्थियों को छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे दूसरे स्थानों से आने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है।

विशेषज्ञों से पढ़ाई और मॉक टेस्ट की भी सुविधा

कोचिंग कार्यक्रम में CNLU के अनुभवी संकाय सदस्यों के साथ प्रख्यात विधि विशेषज्ञ, वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी और विषय विशेषज्ञ कक्षाएं लेते हैं। पढ़ाई के दौरान विषयों की बुनियादी समझ विकसित करने पर जोर दिया जाता है। इसके साथ नियमित टेस्ट सीरीज, उत्तर लेखन अभ्यास, व्यक्तिगत मार्गदर्शन, मॉक इंटरव्यू और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने की पहल की सराहना

बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने कार्यक्रम के पारदर्शी संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता और अभ्यर्थियों को दिए जा रहे सहयोग की सराहना की है। विश्वविद्यालय ने भी इस पहल को आगे जारी रखने और अल्पसंख्यक एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक तथा व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करने की प्रतिबद्धता जताई है।

यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद में नौकरी का बदलेगा सिस्टम: अब BPSC और BSSC से होगी बहाली, निजी एजेंसियों की छुट्टी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।