पटना में बोतलबंद पानी पर खाद्य विभाग का छापा: बिना FSSAI नंबर बिक रहा था स्टॉक, 30000 का माल जब्त
पटना में स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।

बोतलबंद पेयजल जब्त करती खाद्य संरक्षा इकाई। (सौ: स्वास्थ्य विभाग)
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने बोतलबंद पानी प्रतिष्ठानों पर की छापेमारी।
मां जानकी स्टोर से ₹30000 का पानी जब्त।
FSSAI लाइसेंस और बैच नंबर में मिली अनियमितताएं।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता और वैधता की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शनिवार को दो प्रतिष्ठानों में छापेमारी की।
इस दौरान मीठापुर के न्यू बंगाली टोला स्थित मां जानकी स्टोर से 30 हजार रुपये मूल्य का पैकेटबंद पेयजल जब्त किया गया। साथ ही इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई। दोनों प्रतिष्ठानों से जांच के लिए पेयजल के कुल चार नमूने लिए गए।
जांच के दौरान मां जानकी स्टोर में एक लीटर की बोतलों पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का लाइसेंस नंबर और बैच नंबर दर्ज नहीं मिला।
वहीं, 500 मिलीलीटर की बोतलों पर दर्ज लाइसेंस विवरण की जांच में एक उत्पाद का लाइसेंस निलंबित पाया गया। दूसरे उत्पाद का लाइसेंस नंबर एफएसएसएआई पोर्टल पर दर्ज नहीं था।
इसके बाद तीनों प्रकार के बोतलबंद पानी का स्टाक जब्त कर लिया गया। प्रतिष्ठान संचालक से तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है।
वहीं, पुरंदरपुर स्थित मां इंटरप्राइजेज की जांच में बिल पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर दर्ज नहीं मिला। विभाग ने संचालक को बिल पर लाइसेंस नंबर अंकित करने का निर्देश दिया।
यहां से इंडीपेंडेंस वाटर का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।