विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार नीतीश सेतु के राजनीतिक संदेश को यूपी तक पहुंचाएगी भाजपा, कुर्मी वोट बैंक पर नजर

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:00 AM (IST)

भाजपा बिहार में 'नीतीश सेतु' के नामकरण का उपयोग उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में कुर्मी और महिला मतदाताओं को साधने के लिए कर रही है। यह रणनीति कुर्मी समाज में सकारात्मक संदेश और महिला मतदाताओं के बीच संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने पर केंद्रित है।

बिहार के राजनीतिक संदेश से यूपी में चुनावी जमीन मजबूत करने की कोशिश

बिहार के राजनीतिक संदेश से यूपी में चुनावी जमीन मजबूत करने की कोशिश

HighLights

  1. नीतीश सेतु नामकरण से यूपी में कुर्मी वोट बैंक साधने की कोशिश।

  2. बिहार की महिला नेता यूपी में महिला मतदाताओं से संवाद करेंगी।

  3. महिला कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा पर संवाद अभियान में जोर।

रमण शुक्ला, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नाम पर बिहार के सबसे लंबे सेतु का नामकरण कर भाजपा ने राष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। कांग्रेस से लेकर बिहार के मुख्य विपक्षी दल राजद और आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी इस मुद्दे पर मुखर हैं।

हालांकि, भाजपा को इस पहल का राजनीतिक लाभ निकट भविष्य में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलने की उम्मीद है। राजनीतिक जानकार इसे एक साथ कई राजनीतिक समीकरण साधने की रणनीति मान रहे हैं।

कुर्मी मतदाताओं को साधने की रणनीति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इस पहल को बड़े वोट बैंक तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में कुर्मी मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार की सीमा से लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कुर्मी समाज के बीच नीतीश सेतु के नामकरण का सकारात्मक संदेश गया है। ऐसे में करीब नौ प्रतिशत कुर्मी मतदाताओं को साधने की रणनीति के तौर पर इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अनुप्रिया और पंकज चौधरी के बावजूद भाजपा की नई पहल

उत्तर प्रदेश की राजनीति में कभी कुर्मी समाज के बड़े चेहरे रहे दिवंगत सोनेलाल पटेल की पुत्री और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल भाजपा के साथ हैं। वहीं, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कुर्मी समाज से आते हैं।

इसके बावजूद कुर्मी समाज के सपा की ओर झुकाव को देखते हुए भाजपा ने यह पहल की है। शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणामों पर गहन मंथन के बाद पार्टी नेतृत्व की इस रणनीति को सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

यूपी की आधी आबादी को साधने की तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में गोलबंद करने की रणनीति पर अभी से काम कर रही है। इसके लिए बिहार भाजपा की 55 महिला नेताओं को पहले चरण में उत्तर प्रदेश के 55 विधानसभा क्षेत्रों में उतारा गया है। इस अभियान में लंबे संगठनात्मक अनुभव वाली महिला मोर्चा और मुख्य संगठन से जुड़ी नेताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है।

महिला नेताओं को क्षेत्रवार मिलेगी जिम्मेदारी

इस अभियान में अनामिका सिंह पटेल का नाम भी शामिल है। बिहार भाजपा की महिला नेता और कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाकर महिलाओं से संवाद करेंगी।

महिला मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने के लिए महिला मोर्चा की सक्रिय नेत्रियों की टोली बनाई जा रही है। इन्हें क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। इसमें प्रेम रंजन पटेल और सरोज रंजन पटेल जैसे प्रमुख नेताओं के नाम भी शामिल हैं।

कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा पर रहेगा जोर

महिला नेताओं के संवाद अभियान में केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी का प्रयास है कि बिहार की महिला नेताओं के संगठनात्मक अनुभव और महिला कार्यकर्ताओं के साथ उनके मजबूत संपर्क का लाभ उत्तर प्रदेश में मिले।

बिहार के राजनीतिक संदेश से यूपी में चुनावी जमीन मजबूत करने की कोशिश

नीतीश कुमार के नाम पर सेतु का नामकरण और बिहार की महिला नेताओं को उत्तर प्रदेश में जिम्मेदारी देना भाजपा की व्यापक चुनावी रणनीति के दो महत्वपूर्ण पहलू माने जा रहे हैं।

एक ओर कुर्मी समाज के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने की कोशिश है, तो दूसरी ओर महिला मतदाताओं के बीच संगठनात्मक संपर्क बढ़ाने पर जोर है। पार्टी इन दोनों सामाजिक समीकरणों के सहारे उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी जमीन मजबूत करना चाहती है।

यह भी पढ़ें- निशांत पैर छूने झुके तो मोदी ने गले लगाया, नीतीश का भी रखा मान; बिहार के मंच से किसे क्या संदेश दे गए PM?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।