बिहार में BJP-कांग्रेस के बीच हिंसा की Inside Story: पहले से अलर्ट थे दोनों दल, नारेबाजी के बाद चलीं लाठियां
पटना के सदाकत आश्रम के बाहर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों ...और पढ़ें
-1784741353588-1784741393588_m.webp)
प्रदर्शन के दौरान लट्ठबाजी। फोटो पीटीआई
HighLights
सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प।
राहुल गांधी की हिरासत पर कांग्रेस का प्रदर्शन।
भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालयों के खिलाफ किया विरोध।
जागरण संवाददाता, पटना। सदाकत आश्रम के बाहर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प अचानक नहीं हुई। दोनों दल एक-दूसरे के कार्यक्रमों और संभावित विरोध को लेकर पहले से सतर्क थे। यही वजह रही कि प्रदर्शन के दौरान माहौल तेजी से तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने तथा पुलिसकर्मियों द्वारा कथित बदसलूकी के विरोध में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता सदाकत आश्रम परिसर में ही जुटे रहे।
कांग्रेस नेताओं को भाजपा के इंटरनेट मीडिया हैंडल और अन्य माध्यमों से यह जानकारी मिल चुकी थी कि भाजपा कार्यकर्ता सदाकत आश्रम पहुंचकर प्रदर्शन कर सकते हैं। इसे देखते हुए कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ताओं को पहले से अलर्ट कर दिया था।
दूसरी ओर, कांग्रेस मुख्यालयों के खिलाफ भाजपा के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के आह्वान के तहत प्रदेश भाजपा ने भी बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाया था।
नारेबाजी के दौरान हुई तीखी बहस
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी के कई विधायक, विधान पार्षद और प्रदेश पदाधिकारी दोपहर एक बजे से ही कुर्जी स्थित पेट्रोल पंप के समीप एकत्र होने लगे थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब दो बजे प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लिए हुए थे। अधिकांश झंडे बांस के डंडों पर लगाए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आए तो पहले नारेबाजी और तीखी बहस हुई। इसके बाद स्थिति तेजी से बिगड़ गई।
आरोप-प्रत्यारोप के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते झंडों में लगे बांस के डंडे दोनों पक्षों के लिए हथियार बन गए। घटना के दौरान कई कार्यकर्ता घायल हुए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। झड़प के बाद सदाकत आश्रम और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।