घर या अस्पताल में हुआ है बच्चे का जन्म? पढ़ें 21 दिन में फ्री बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने का आसान तरीका
जन्म प्रमाणपत्र बच्चों के भविष्य और सरकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसे जन्म के 21 दिनों के भीतर निःशुल्क बनवाना आसान है।

21 दिनों के अंदर बनवाएं जन्म प्रमाणपत्र। (जागरण)
HighLights
जन्म प्रमाणपत्र 21 दिनों के भीतर निःशुल्क बनवाया जा सकता है।
देरी होने पर शुल्क और जटिल कानूनी प्रक्रिया अपनानी पड़ती है।
स्कूल दाखिले व सरकारी योजनाओं के लिए यह दस्तावेज महत्वपूर्ण है।
जागरण संवाददाता, पटना। बच्चे के जन्म के बाद उसकी देखभाल और भविष्य की तैयारी के बीच एक जरूरी काम अक्सर छूट जाता है। वह है जन्म प्रमाणपत्र बनवाना।
जब स्कूल में दाखिले का समय आता है या किसी सरकारी योजना का लाभ लेने की जरूरत पड़ती है, तब अभिभावक इस दस्तावेज के लिए भागदौड़ शुरू करते हैं।
कई बार समय पर पंजीकरण नहीं होने से उन्हें अस्पताल, नगर निगम और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जबकि जन्म के 21 दिनों के भीतर प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया बेहद आसान और पूरी तरह निशुल्क है।
नूतन राजधानी अंचल के उप-रजिस्ट्रार राजीव रंजन पांडेय ने बताया कि जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए समय-सीमा का ध्यान रखना जरूरी है।
जन्म के 21 दिनों के भीतर पंजीकृत अस्पताल में जन्म होने पर वहीं से पंजीकरण कराया जा सकता है। घर पर जन्म होने या गैर-पंजीकृत अस्पताल में प्रसव होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार को सूचना देकर पंजीकरण कराया जा सकता है।
समय बीतने के साथ बढ़ती जाती है प्रक्रिया
जन्म के 21 दिन बाद भी प्रमाणपत्र बनवाने का मौका रहता है, लेकिन इसके लिए विलंब शुल्क देना पड़ता है। 21 से 30 दिनों के बीच आवेदन करने पर दो रुपये शुल्क देना होगा।
30 दिनों से अधिक और एक वर्ष के भीतर आवेदन करने पर पांच रुपये विलंब शुल्क लगेगा। इस अवधि में नगर निगम क्षेत्र में संबंधित रजिस्ट्रार की जांच के बाद आवेदन ऑनलाइन किया जाता है। इसके बाद जिला सांख्यिकी कार्यालय से स्वीकृति मिलती है।
जन्म के एक से दो वर्ष के बीच पंजीकरण कराने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी या कार्यपालक दंडाधिकारी का आदेश जरूरी है। वहीं, दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने पर न्यायालय की प्रक्रिया अपनानी पड़ती है।
इसके लिए संबंधित क्षेत्र के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष आवेदन करना होता है। सुनवाई के बाद आदेश मिलने पर ही प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।
घर पर जन्म होने पर यहां करें संपर्क
घर पर बच्चे का जन्म होने की स्थिति में ग्रामीण क्षेत्र के लोग संबंधित पंचायत सचिव से संपर्क कर सकते हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और नगर निगम या नगर परिषद क्षेत्र में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी से संपर्क करना होगा।
जन्म प्रमाणपत्र केवल स्कूल में दाखिले के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चे की पहचान, उम्र के प्रमाण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जरूरी है।
इसलिए अभिभावकों को सलाह है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ही जन्म पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें। इससे आगे चलकर अनावश्यक परेशानी और भागदौड़ से बचा जा सकता है।
जन्म के बाद अवधि के अनुसार विलंब शुल्क
| जन्म के बाद अवधि | विलंब शुल्क |
|---|---|
| 21 दिनों के भीतर | निशुल्क |
| 21 से 30 दिन | 2 रुपये |
| 30 दिन से एक वर्ष | 5 रुपये |
| एक वर्ष के बाद | 10 रुपये |
(नोट: एक वर्ष के बाद निर्धारित प्रक्रिया और सक्षम अधिकारी की अनुमति भी जरूरी होगी।)
यह भी पढ़ें- बिहार की अदालत का अनोखा फैसला: ट्यूशन पढ़ाने की शर्त पर अपहरण के आरोपी को दी जमानत, रक्तदान भी करना होगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।