विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति के बैंक खाते से निकाले पैसे और प्रेमी के जरिए दे दी उसी की सुपारी, बिहटा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:28 AM (IST)

बिहटा के सिमरी गांव में कल्लू ड्राइवर की हत्या का पुलिस ने 36 घंटे में पर्दाफाश किया है। मृतक की ...और पढ़ें

बिहटा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहटा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पुलिस ने 36 घंटे में बिहटा हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

  2. पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।

  3. पति के खाते से पैसे निकालकर प्रेमी को सुपारी दी गई।

संवाद सूत्र, बिहटा। सिमरी गांव में इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर की गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझी तो सामने आई साजिश ने पुलिस के साथ-साथ पूरे इलाके को भी हैरान कर दिया। 

जिस पत्नी के साथ मृतक ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी को 40 हजार रुपये देकर हत्या की सुपारी दिलवाई थी। 

हैरानी की बात यह है कि हत्या के लिए दी गई रकम भी पत्नी ने पति के बैंक खाते से ही निकाली थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य शूटर अभी फरार है।

जांच के लिए विशेष टीम गठित

दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार झा ने शुक्रवार को बताया कि हत्या की घटना के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया। इस दौरान सबसे पहले मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदौस को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। 

पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके बाद सिमरी गांव निवासी प्रमोद चौधरी के पुत्र करण चौधरी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में हत्या की साजिश की परतें खुलती चली गईं।

तीन वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस के अनुसार, करण चौधरी और नेहा परवीन के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते में इरफान इमाम बाधक बन रहा था। पति से छुटकारा पाने के लिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। साजिश के तहत करण ने 40 हजार रुपये में शूटर तय किया। इसके लिए उसने नेहा से रकम ली थी। 

पुलिस के मुताबिक, नेहा ने अपने पति के ही बैंक खाते से रुपये निकालकर प्रेमी को दिए थे। तय योजना के अनुसार, शूटर को 20 हजार रुपये अग्रिम भुगतान किया गया था, जबकि हत्या के बाद शेष 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

शूटर की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार प्रेमी करण से पूछताछ में इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद नहीं हो सका है। फरार शूटर की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार शूटर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महज 36 घंटे में हत्याकांड का पर्दाफाश होने के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है।

यह भी पढ़ें- ब‍िहटा में किसने कराई थी ड्राइवर की हत्या? 48 घंटे बाद पटना पुलिस ने खोला चौंकाने वाला राज


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।