चक्रवाती असर से बिहार में ठंड पर लगा ब्रेक! सुबह कोहरा तो दिन में खिलेगी धूप, पढ़ें अगले 7 दिनों का वेदर अपडेट
Bihar Weather News: बिहार में पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से ठंड की शुरुआत धीमी हो गई है, जिससे तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आ रही है।

पछुआ की चाल कमजोर, कोहरे का रहेगा असर (AI Generated Image)
HighLights
पछुआ हवाएं कमजोर होने से बिहार में ठंड की धीमी दस्तक।
अगले 24 घंटे बिहार में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना।
अरवल 11.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे ठंडा।
जागरण संवाददाता, पटना। चक्रवाती प्रभाव के चलते बिहार में ठंड (Bihar Ka Mausam) की चाल सुस्त पड़ गई है। पछुआ हवाओं की रफ्तार कमजोर होने से तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है और कड़ाके की ठंड की दस्तक भी देर से होने के आसार हैं।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और रात में ठंड का असर बना हुआ है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान बिहार के सभी हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
सुबह और देर रात ठंड का प्रभाव अधिक महसूस होगा, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। बीते 10 दिनों के तापमान पर नजर डालें तो पटना के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरा है।
बुधवार को अरवल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित 12 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस एवं 32.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
सबसे कम न्यूनतम दृश्यता आठ सौ मीटर गया और पूर्णिया में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
प्रमुख शहरों का तापमान:
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 27.1 | 17.0 |
| गया | 26.2 | 14.4 |
| भागलपुर | 25.8 | 14.9 |
| मुजफ्फरपुर | 25.0 | 14.3 |
यह भी पढ़ें- सुबह-शाम कोहरा, दोपहर में 32 डिग्री वाली गर्मी... आखिर बिहार में क्यों लगा कड़ाके की ठंड पर ब्रेक?