विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Kal Ka Mausam: 8 और 9 अक्टूबर को चंपारण में भारी बारिश के आसार, कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

पिछले 24 घंटों में बिहार के औरंगाबाद और रोहतास सहित कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि राजगीर में अधिकतम तापमान 36.8°C रहा।

बिहार का मौसम(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का मौसम(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. औरंगाबाद और रोहतास में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश।

  2. 8 और 9 अक्टूबर को चंपारण में भारी बारिश की संभावना।

  3. कई जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, पटना। मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर (68.6 मिमी) और रोहतास के नोखा (65.0 मिमी) में भारी बारिश दर्ज की गई है। 

इसके अलावा अकबरपुर (64.2 मिमी), वाल्मीकिनगर (44.8 मिमी) और अरवल (30.4 मिमी) सहित दक्षिण-पश्चिम तथा उत्तर-पश्चिम के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस अवधि में जहानाबाद में 48 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं।

राजगीर में सबसे अधिक गर्मी

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान नालंदा के राजगीर में 36.8°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अरवल में 19.4°C रहा। 

पिछले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 30.8°C से 36.8°C और न्यूनतम तापमान 19.4°C से 26.1°C के बीच बना हुआ है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा सुपौल से होकर गुजर रही है। साथ ही झारखंड पर बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ रेखा का असर राज्य पर देखने को मिल रहा है। 

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना

8 व 9 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम बिहार के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। 

10 से 13 अक्टूबर के बीच मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को पक्के मकानों में शरण लेने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: मानसून की विदाई में भींगेगा बिहार, 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट