Bihar Kal Ka Mausam: बिहार में मानसून की विदाई के बीच बदला मौसम, 4 दिनों तक बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
पिछले 24 घंटों में बिहार के मधुबनी सहित कुछ जिलों में भारी से हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजगीर में अधिकतम तापमान 37.2°C रहा।

बिहार का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पिछले 24 घंटों में मधुबनी सहित कई जिलों में वर्षा दर्ज।
6 से 9 अक्टूबर तक मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट।
आम जनता को खुले में न रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह।
डिजिटल डेस्क, पटना। मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के मधुबनी जिले में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई। बेनीपट्टी में सर्वाधिक 65.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि छौड़ाही में 47.6 मिमी और मोतिहारी में 44.5 मिमी बारिश हुई।
तापमान का हाल
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.2°C राजगीर (नालंदा) में दर्ज किया गया। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 31.0°C से 37.2°C के बीच बना रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में 22.2°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के शिवहर जिले में 78 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गई।
सिस्टम और मौसमी हलचल
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा वर्तमान में सुपौल और रांची से होकर गुजर रही है। मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही चक्रवाती परिसंचरण और निचले स्तरों में बने ट्रफ के प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
7 दिनों का पूर्वानुमान और अलर्ट
विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम पूर्वानुमान के तहत:
06 से 09 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों (दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व) में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं 10 से 12 अक्टूबर तक राज्यभर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम केंद्र ने वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए आम जनता को खुले में न रहने, पक्के मकानों में शरण लेने तथा बिजली के खंभों व ऊंचे पेड़ों से दूर रहने का परामर्श दिया है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: बिहार में मानसून की विदाई के साथ बारिश की आशंका, 8 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
