Kal Ka Mausam: बिहार में कल से दिखेगा चक्रवात अकवान का असर, पटना समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर बिहार के मौसम पर दिखेगा, 20 नवंबर से बदलाव शुरू होगा।
-1795088949423_m.webp)
AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
चक्रवाती तूफान 'अकवान' से बिहार के मौसम में बदलाव शुरू होगा।
21 नवंबर को पूर्वी बिहार में भारी बारिश और तेज हवाएं।
मौसम विभाग ने वज्रपात और खराब मौसम से सतर्क रहने की अपील।
डिजिटल डेस्क, पटना। बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर अब बिहार के मौसम पर भी देखने को मिलेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना द्वारा जारी ताजा जानकारी के अनुसार 20 नवंबर से राज्य के मौसम में बदलाव शुरू होगा और 21 नवंबर को पूर्वी बिहार के जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
चक्रवात 'अकवान' की स्थिति और बिहार पर प्रभाव
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' 15 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों (नरसपुर और पुरी के बीच) को पार करने की संभावना है।
इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से बिहार के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में नमी बढ़ेगी, जिससे बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार कल 20 नवंबर को दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों (पटना, गया, नालंदा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार आदि) में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
वहीं, 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों (सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया) के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। विशेष रूप से भागलपुर और कटिहार जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस दिन उत्तर-मध्य बिहार (मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि) में भी कुछ स्थानों पर बारिश संभव है।
कोहरे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.0°C भभुआ (कैमूर) में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9°C औरंगाबाद में दर्ज किया गया।
राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 26.8°C और न्यूनतम 16.7°C रहा। वहीं, भागलपुर में कोहरे के कारण सबसे कम न्यूनतम दृश्यता (विजिबिलिटी) 300 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा और तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग की अपील
21 नवंबर को संभावित मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले में न रहने, ऊंचे पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।