विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और हटाने का सुनहरा मौका, 12 नवंबर से शुरू होगा SSR

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:07 PM (IST)

बिहार में 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान चलेगा, जिसमें छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर दिव्यांगों और युवाओं के नाम मतदाता-सूची में जोड़े जाएंगे।

मतदाता-सूची में नाम जोड़ने-हटाने का फिर अवसर, बिहार में 12 से शुरू हो रहा एसएसआर

मतदाता-सूची में नाम जोड़ने-हटाने का फिर अवसर, बिहार में 12 से शुरू हो रहा एसएसआर

HighLights

  1. बिहार में 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू।

  2. दिव्यांगों और युवाओं के नाम मतदाता-सूची में जोड़े जाएंगे।

  3. नाम जोड़ने, हटाने, सुधार के लिए ऑनलाइन-ऑफलाइन आवेदन।

राज्य ब्यूरो, पटना। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार में 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेष रूप से दिव्यांगों और युवाओं के नाम मतदाता-सूची में जोड़े जाएंगे।

इसके लिए अर्हता तिथि एक जनवरी, 2027 है। यानी इस तिथि तक 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवा भी मतदाता-सूची मेंं नाम दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान नाम और पता आदि में सुधार भी होगा। पात्र नागरिक इसके लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों तरीके से, आवेदन कर सकते हैं।

एसएसआर के संदर्भ में बुधवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह की अध्यक्षता में "स्टेट स्टीयरिंग कमिटी ऑन एक्सेमसबल इलेक्शन" की बैठक हुई।

इसका उद्देश्य आगामी चुनावी प्रक्रिया में दिव्यांगजनों की भागीदारी को बढ़ाना और मतदाता-सूची में उनका नाम जोड़ना था। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों सहित शिक्षा विभाग और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

अलग-अलग आवेदन:

उप निर्वाचन पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि मतदाता-सूची में नाम जोड़ने के लिए प्ररूप-6, नाम हटाने के लिए प्ररूप-7 तथा सुधार, निवास स्थानांतरण या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए प्ररूप-8 भरा जा सकता है। यह आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से, किए जा सकते हैं।

ऑनलाइन माध्यम : मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर सर्विस पोर्टल (voters.eci.gov.in), वोटर हेल्पलाइन नंबर (1950) और "सक्षम" ऐप जैसे डिजिटल माध्यम भी उपलब्ध हैं।

सुधार का सुनहरा अवसर:

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता-सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चलाया गया था। उसके विरुद्ध विपक्ष आज भी आंदोलनरत है। अगर एसआईआर के दौरान कोई भूल-चूक हुई है, तो एसएसआर उसे भी सुधारने के लिए अवसर है।

महत्वपूर्ण तिथियां और कार्यक्रम:

  • 12 नवंबर 2026 : समेकित प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन
  • 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 : दावा और आपत्ति जमा करने की अवधि
  • 28 दिसंबर 2026 तक : दावा और आपत्ति का निष्पादन
  • 04 जनवरी 2027 : मतदाता-सूची का अंतिम प्रकाशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।