विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नकदी ही नहीं, घूस में ली जा रही वाशिंग मशीन भी जब्त; बिहार में 1 साल में 135 भ्रष्ट अफसर रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:00 PM (IST)

निगरानी ब्यूरो ने एक साल में 135 लोकसेवकों को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो एक रिकॉर्ड है। 

बिहार में एक साल में पकड़े गए 135 घूसखोर। (फाइल फोटो)

बिहार में एक साल में पकड़े गए 135 घूसखोर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. निगरानी ब्यूरो ने एक साल में 135 लोकसेवक गिरफ्तार किए।

  2. 47 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत राशि बरामद की गई।

  3. आय से अधिक संपत्ति के 13 मामले भी दर्ज हुए।

राज्य ब्यूरो, पटना। निगरानी ब्यूरो ने पिछले एक वर्ष (एक नवंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2026 तक) के दौरान 135 लोकसेवकों को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

इसके साथ निगरानी ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले और घूस लेते हुए रंगे हाथ ट्रैप में पकड़े जाने मामलों को मिलाकर एक साल में कुल 156 प्राथमिकी दर्ज की है। यह निगरानी का अब तक का रिकॉर्ड है।

निगरानी विभाग के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान ट्रैप के मामले सबसे ज्यादा 140 मामले दर्ज किए गए हैं, जो रिकॉर्ड है। इनमें 135 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस दौरान रिश्वत की 47 लाख 90 हजार 700 की राशि और घूस में ली जा रही 37 हजार रुपये मूल्य की वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है।

वर्तमान में प्रत्येक डेढ़ दिन में भ्रष्टाचारी के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, जबकि 2024 में 11.5 दिन में एक प्राथमिकी दर्ज होती थी। निगरानी ब्यूरो के स्तर से 25 वर्षों (वर्ष 2000 से 2004 तक) के दौरान सभी तरह के मामलों यानी ट्रैप, डीए (आय से अधिक संपत्ति) और एओपीए (पद के भ्रष्ट दुरुपयोग) में कांड दर्ज करने का औसत 73 था।

इस साल 2026 में यह बढ़कर 124 हो गया। इसमें 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। निगरानी ब्यूरो के स्तर से पिछले एक वर्ष में ट्रैप की सबसे ज्यादा राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में हुई है।

इसके अतिरिक्त आय से अधिक संपत्ति मामले में इन एक वर्षों में 13 मामले दर्ज किए गए, इनमें 14 करोड़ 92 लाख से अधिक की काली कमाई का खुलासा भ्रष्ट लोक सेवकों के ठिकानों पर तलाशी के दौरान हुआ। कोर्ट से 31 मामले में 37 भ्रष्ट लोक सेवकों को सजा दिलाई गई है।

ट्रैप की सबसे बड़ी कार्रवाई 

05 लाख रुपये घूस लेते हुए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहायक निदेशक को फरवरी में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

2.50 लाख रुपये घूस की राशि के साथ मौलाना मजहरुल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के कुलसचिव को दबोचा गया।
रोहतास के सीओ को तीन लाख रुपये घूस के साथ मई में गिरफ्तार किया। एक लाख से अधिक घूस लेने वाले दर्जनभर से अधिक लोकसेवकों को पकड़ा गया है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के पूर्व SDO की 49 लाख से अधिक की संपत्ति होगी जब्त, निगरानी ब्यूरो ने कसा शिकंजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।