मधुबनी के पूर्व SDO की 49 लाख से अधिक की संपत्ति होगी जब्त, निगरानी ब्यूरो ने कसा शिकंजा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस साल दो भ्रष्टाचारियों की 65.48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो। (फाइल फोटो)
HighLights
निगरानी ने इस साल 65.48 लाख की संपत्ति जब्त की।
मधुबनी के पूर्व SDO गुलाम मुस्तफा अंसारी की संपत्ति भी।
2011 से अब तक 32.83 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त।
राज्य ब्यूरो, पटना। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस साल अभी दो भ्रष्टाचारियों की 65.48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है।
इनमें हाल ही में एक अगस्त को मधुबनी जिले के जयनगर के तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गुलाम मुस्तफा अंसारी की 49.03 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति भी शामिल है।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ वर्ष 2016 में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र दाखिल किया गया और वर्ष 2021 में विशेष न्यायालय में उनकी संपत्ति जब्त करने के लिए आवेदन दायर किया गया।
सुनवाई के बाद अदालत ने एक अगस्त 2026 को 49,03,963 रुपये की संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश पारित किया।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2011 से अब तक विशेष न्यायालय द्वारा 47 मामलों में कुल 32.83 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की आय से अधिक संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए जा चुके हैं।
इनमें वर्ष 2024 में तीन मामलों में 6.43 करोड़ रुपये, वर्ष 2025 में तीन मामलों में 2.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्ती के आदेश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- परिसीमन के बाद ही होंगे बिहार में पंचायत चुनाव, शिवहर में मंत्री दीपक प्रकाश ने किया बड़ा एलान