बिहार से दिल्ली-यूपी जाना हुआ आसान, 14 नए रूटों पर चलेंगी सरकारी बसें
बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 14 नए अंतरराज्यीय बस रूटों पर जल्द ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसें चलेंगी।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस। (जागरण)
HighLights
बिहार-यूपी के बीच 14 नए बस रूट शुरू होंगे।
दिल्ली, लखनऊ, कानपुर के लिए सीधी बस सेवा।
रामायण, बुद्ध सर्किट से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के छोटे शहरों-कस्बों के यात्रियों के लिए उत्तरप्रदेश और दिल्ली जाना अब और आसान होगा। इसके लिए बिहार और यूपी के बीच जल्द ही 14 नई अंतरराज्यीय रूटों पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों का परिचालन शुरू होगा।
इसके अलावा पिछले दस वर्षों से चल रहे 25 पुराने रूटों पर बस संचालन के समझौते को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बन गई है।
सोमवार को लखनऊ स्थित होटल क्लार्क अवध में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच हुई उच्च-स्तरीय बैठक में इससे जुड़ा निर्णय लिया गया।
मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि बिहार-यूपी के बीच संपर्क बढ़ने से दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, कानपुर से बिहार आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को सीधी, सुरक्षित और सस्ती सरकारी बस सेवा उपलब्ध होगी।
पर्यटकों की बढ़ेगी संख्या
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए भी यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आबताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामायण सर्किट और बुद्ध सर्किट जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को परिवहन नेटवर्क से जोड़ने पर भी चर्चा हुई है।
अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज से सीतामढ़ी, गया, बोधगया तथा वैशाली तक सीधी बस सेवा शुरू होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
निगम के अनुसार, नए रूटों पर सहमति के बाद जल्द ही दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। बैठक में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव सुभाष नारायण तथा दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
