विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुबई में बिहार की ग्लोबल दस्तक, AIM Congress 2026 में निवेशकों के सामने पेश हुआ नया औद्योगिक विजन

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:32 PM (IST)

बिहार ने दुबई में आयोजित AIM कांग्रेस 2026 में अपना औद्योगिक पवेलियन उद्घाटित किया, जहाँ राज्य को एक निवेश-तैयार गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया गया। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निवेशकों को बिहार की नई नीतियों और अवसरों से अवगत कराया।

बिहार का नया औद्योगिक चेहरा

बिहार का नया औद्योगिक चेहरा

HighLights

  1. दुबई में AIM कांग्रेस 2026 में बिहार पवेलियन का उद्घाटन।

  2. राज्य को निवेश-तैयार औद्योगिक गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।

  3. नई औद्योगिक नीतियों और निवेश अवसरों पर जोर दिया गया।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार ने वैश्विक निवेश के नक्शे पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित Annual Investment Meeting (AIM) Congress 2026 में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया गया। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पवेलियन का उद्घाटन किया।

7 से 9 सितंबर तक दुबई में बिहार की मौजूदगी

AIM Congress 2026 के 15वें संस्करण में बिहार 7 से 9 सितंबर तक भाग ले रहा है। इस वैश्विक मंच के जरिए राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, कारोबारियों और नीति-निर्माताओं के सामने एक उभरते, प्रतिस्पर्धी और निवेश के लिए तैयार औद्योगिक गंतव्य के रूप में पेश किया जा रहा है।

निवेशकों के सामने दिखाया बिहार का नया औद्योगिक चेहरा

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने राज्य के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में मौजूद निवेश अवसरों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिहार निवेश को आसान बनाने और वैश्विक कारोबारों के साथ मजबूत साझेदारी स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि AIM Congress के जरिए सार्थक साझेदारियां बनाने और निवेशकों की रुचि को बिहार में ठोस निवेश अवसरों में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।

कुंदन कुमार बोले- निवेश के लिए तैयार है बिहार

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि AIM Congress बिहार को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के सामने अपना विकसित होता औद्योगिक इकोसिस्टम दिखाने का महत्वपूर्ण मंच दे रहा है।

उन्होंने कहा कि बेहतर होते बुनियादी ढांचे, क्षेत्र-विशिष्ट नीतियों और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर फोकस के साथ राज्य विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए तैयार है।

श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में पहुंचा बिहार प्रतिनिधिमंडल

बिहार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह कर रही हैं। इसमें उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल का फोकस वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद बढ़ाने और बिहार में निवेश की संभावनाओं को सामने रखने पर है।

बिहार पवेलियन में दिखेगी निवेश की पूरी तस्वीर

बिहार पवेलियन में राज्य के औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश के अवसरों, क्षेत्रीय क्षमताओं और नीतिगत प्रोत्साहनों को प्रदर्शित किया जा रहा है। संभावित निवेशकों को राज्य के बदलते औद्योगिक परिदृश्य और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जा रही है।

सेमीकंडक्टर से GCC तक नई नीतियों पर फोकस

पवेलियन में बिहार इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पैकेज, 2025, बिहार सेमीकंडक्टर पॉलिसी, 2026 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी, 2026 को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

इसके साथ टेक्सटाइल एंड लेदर पॉलिसी, टूरिज्म पॉलिसी और आईटी पॉलिसी समेत अन्य नीतियों की भी जानकारी निवेशकों को दी जा रही है।

लैंड बैंक और प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर भी बने आकर्षण

बिहार अपने विस्तारित औद्योगिक लैंड बैंक, प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी को भी निवेशकों के सामने प्रमुखता से रख रहा है।

राज्य सरकार का जोर ऐसे नीतिगत और औद्योगिक इकोसिस्टम को प्रदर्शित करने पर है, जिससे वैश्विक कंपनियों के लिए बिहार में कारोबार शुरू करना और विस्तार करना आसान हो।

दुबई से ग्लोबल निवेश तक बिहार की नई दस्तक

AIM Congress 2026 में बिहार की भागीदारी केवल पवेलियन तक सीमित नहीं है। इसके जरिए राज्य अपनी नई औद्योगिक नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर पेश कर रहा है।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि दुबई के इस मंच से बिहार के लिए कितनी नई निवेश साझेदारियां और कारोबारी संभावनाएं सामने आती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।