विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प, पीपीपी मोड पर बनेंगे 5000 कमरे; 20 जगहों पर बनेंगे रोप-वे

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:43 PM (GMT+05:30)

बिहार सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन क्षेत्रों और प्रमुख स्थलों का व्यापक विकास कर रही ...और पढ़ें

बिहार के पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार के पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पीपीपी मोड पर 5000 पर्यटक कमरे विकसित किए जाएंगे।

  2. राज्य के 20 प्रमुख स्थलों पर रोपवे स्थापित होंगे।

  3. हेली-टूरिज्म सेवा से पर्यटन स्थलों को जोड़ा जाएगा।

रमण शुक्ला, पटना। सरकार की ओर से वन क्षेत्रों का विकास इस स्तर पर करने की योजना है कि देश-विदेश के पर्यटक बिहार आएं। इसके लिए जंगलों और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों के लिए आवासीय सुविधा के विस्तार की व्यापक योजना बन रही है। 

जल संसाधन, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन, पर्यटन तथा भवन निर्माण के निरीक्षण भवनों एवं परिसर को नए सिरे से लोक निजी सहभागिता (पीपीपी) से पुनरुद्धार कर पांच हजार कमरे प्रमुख पर्यटक स्थलों पर विकसित कराने की तैयारी है।

पांच हजार कमरे बनेंगे

व्यवस्था हो रही है कि स्थानीय स्तर पर पांच हजार ऐसे कमरे बन जाएं, जहां पर्यटक भ्रमण के दौरान विश्राम कर सकें। एक-दो दिन रुक कर संबंधित पर्यटक स्थल का सुकून से आनंद ले। सरकार छठ महापर्व को भी धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। 

पर्यटन को बढ़ावा देने लिए 20 स्थलों पर रोप-वे बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इसके अतिरिक्त बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की सैर अब हेलीकॉप्टर से भी की जा सकेगी। पर्यटकों को कम समय में पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने और राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 शुरू की है। इसके पहले चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को हवाई सेवा से जोड़ा गया है।

15,422 रुपये तक सब्सिडी 

पर्यटकों को रियायती दरों पर हेलीकॉप्टर एवं विमान सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। विदित हो कि योजना के तहत पटना से राजगीर का किराया चार हजार, वाल्मीकिनगर का पांच हजार और कैमूर का छह हजार रुपये निर्धारित किया गया है। सरकार प्रति टिकट अधिकतम 15,422 रुपये तक सब्सिडी भी दे रही है। इस पहल से धार्मिक पर्यटन के साथ इको टूरिज्म और विरासत पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है। 

स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बिहार राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बना सकेगा। राज्य के वन क्षेत्रों का विकास इस स्तर पर करने की योजना है कि देश-विदेश के पर्यटक यहां आएं। इसके लिए जंगलों और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों के लिए आवासीय सुविधा का विस्तार करने की योजना बनेगी।

प्रमुख सूर्य मंदिर एवं गंगा किनारे चार दिवसीय छठ महापर्व का अनुष्ठान देखने बिहार आने के लिए देश और विदेश के पर्यटकों को आमंत्रित किया जाएगा। सरकार इसके लिए विशेष रूप से प्रचार-प्रसार करेगी। राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उद्योगपतियाें एवं राजनयिकों को भी आमंत्रित करेंगे। धीरे-धीरे यह क्रम आगे बढ़ेगा। - सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री

यह भी पढ़ें- बिहार में खुलेंगी 44 हाईटेक गन्ना नर्सरी, 11.25 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान; किसान ऐसे करें आवेदन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।