बिहार सरकार के हाइवे और पुलों पर जनवरी से लगेगा टोल टैक्स, लेन के हिसाब से होगी वसूली
बिहार में अगले साल जनवरी के मध्य से राज्य राजमार्गों और पुलों पर टोल टैक्स लगना शुरू हो जाएगा।

नीतीश सेतु। X/DDNewslive
HighLights
जनवरी मध्य से बिहार में टोल टैक्स शुरू होगा।
कच्ची दरगाह-राघोपुर छह लेन पुल पर पहली वसूली।
निजी वाहन, मोटरसाइकिल टोल टैक्स से मुक्त रहेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। पथ निर्माण विभाग के अधीन जो सड़कें (एसएच) व पुल हैं उन पर टोल टैक्स वसूलने की प्रक्रिया अगले वर्ष जनवरी के मध्य में आरंभ होगी।
बिहार राज्य पथ विकास निगम में इस दिशा में उन सड़कों को अधिसूचित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिन पर टोल टैक्स देना होगा।
टोल कलेक्शन एजेंसी तय करने की कवायद हफ्ते भर में पूरी होनी है। इसके बाद कुछ अन्य प्रक्रिया पर काम पूरा होने के बाद टोल टैक्स संग्रह किए जाने का काम आरंभ हो जाएगा।
सिक्स लेन पुल पर सबसे पहले काम
पथ निर्माण विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले टोल टैक्स कच्ची दरगाह-राघोपुर छह लेन पुल पर आरंभ होगा। इसके लिए बिदुुपुर में टोल प्लाजा बनाया जा रहा।
इस संबंध में यह बताया गया कि इस पुल से गुजरने वाले ट्रकों को 610 रुपए का टोल देना होगा। वहीं इस पुल से गुजरने वाले मल्टी एक्सल वाहनाें को 710 रुपए का टोल टैक्स लगेगा।
कमर्शियल कार के लिए 120 रुपए का टोल टैक्स तय किया गया है। निजी वाहनों, ट्रैक्टर, ऑटो व मोटरसाइकिल को टोल टैक्स से मुक्त रखा गया है।
लेन के हिसाब से तय की गयी है टोल की राशि
पथ निर्माण विभाग ने टोल टैक्स के लिए जिन सड़कों व पुलों को अधिसूचित कर जो टोल की राशि तय की है वह लेन के हिसाब से अलग-अलग है।
अगर किसी फोर लेन सड़क के लिए दो रुपए प्रति किमी का टोल लगना है, तो दो लेन वाली सड़क पर फोर लेन सड़क से साठ प्रतिशत कम राशि टोल टैक्स के रूप में लगेगी। किसी टोल वाले सड़क पर कोई वाहन गुजरता है तो उसे पूरे सड़क के लिए तय टोल राशि का भुगतान करना होगा।
राजधानी में अटल पथ और गंगा पथ पर नहीं लगेगा टोल
राजधानी के विभिन्न इलाकों में जाने के लिए वैकल्पिक सड़क के रूप में इस्तेमाल हो रहे अटल पथ और गंगा पथ पर किसी तरह का टोल टैक्स नहीं लगेगा।
वहीं पटना से बख्तियारपुर जाने वाले पुराने एनएच जो अब स्टेट हाइवे के रूप में अधिसूचित है, को टोल टैक्स की परिधि में लाया जा रहा।
यह भी पढ़ें- बिहार के हर शहर में बनेंगे 2 सिग्नेचर रोड, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कलेक्टरों को दी जिम्मेदारी