बिहार में 45 हजार फार्मासिस्टों की होगी नियुक्ति, दवाइयों के निर्माण के लिए बनेगा फार्मा पार्क
बिहार में जल्द ही 45 हजार फार्मासिस्टों और ड्रग इंस्पेक्टरों की नियुक्ति की जाएगी, साथ ही प्रदेश में फार्मा पार्क भी स्थापित होगा।

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
बिहार में 45 हजार फार्मासिस्टों, ड्रग इंस्पेक्टरों की नियुक्ति होगी।
प्रदेश में फार्मा पार्क बनेगा, दवा कंपनियों को उद्योग लगाने का न्योता।
एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जल्द ही 45 हजार फार्मासिस्टों और ड्रग इंस्पेक्टरों की नियुक्ति के लिए जल्द अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ प्रदेश में फार्मा पार्क बनाने की भी तैयारी है।
इसके लिए देश-विदेश की दवा कंपनियों को प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। फार्मेसी शिक्षा के पाठ्यक्रम को भी मौजूदा जरूरतों के अनुसार बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के अवसर पर बुधवार को बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ये बातें सामने आईं।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के सैकड़ों फार्मासिस्ट, शिक्षाविद्, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और विद्यार्थी शामिल हुए।
मौके पर भारतीय फार्मेसी शिक्षा के पुरोधा प्रो. महादेव लाल श्राफ की 125वीं जयंती पर उनके योगदान को याद किया गया।
उद्घाटन मुख्य अतिथि राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विशिष्ट अतिथि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम पटेल, बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलपति डॉ. बिन्दे कुमार, स्वास्थ्य विभाग के ओएसडी सुरेंद्र राय, पीसीआइ के सेंट्रल काउंसिल के सदस्य डॉ. नीलमाधव दास, राजकीय फार्मेसी संस्थान पटना के प्राचार्य सह राज्य समन्वयक डॉ. राम कुमार चौधरी, कार्यक्रम के समन्वयक सह पीसीआइ सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह व सह समन्व्यक डॉ. कुमार अजय ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर अन्वेषण-2027 स्मारिका का विमोचन किया गया।
दवाओं के गलत इस्तेमाल से बढ़ा खतरा
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इससे एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी दवाओं के प्रति रोगाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का खतरा बढ़ रहा है।
ऐसी स्थिति में सामान्य संक्रमण के इलाज में भी दवाएं बेअसर हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, आम लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच दवाओं के सही इस्तेमाल को लेकर जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बिहार में फार्मा पार्क का निर्माण कर देश-विदेश की दवा कंपनियों को उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इससे दवा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
दवा वितरण से आगे है फार्मासिस्ट की भूमिका
डॉ. मोंटू कुमार एम पटेल ने कहा कि बदलते समय में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी बढ़ी है। फार्मेसी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ अनुसंधान, नवाचार और नई दवाओं के विकास पर ध्यान देना जरूरी है।
फार्मासिस्ट मरीजों को दवाओं के सही इस्तेमाल की जानकारी देने और सुरक्षित उपचार सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
डॉ. राम कुमार चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मेसी के विद्यार्थियों और युवाओं को अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करना है।
फार्मासिस्ट संक्रमण की रोकथाम और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- पटना एयरपोर्ट का देशभर में जलवा, यात्री सुविधाओं में संयुक्त दूसरा स्थान; दुनिया में 67वीं रैंक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।