न वेतन मिला, न त्योहार मना सके शिक्षक-जीविका कर्मी; कांग्रेस बोली- बिहार में सरकार ने छीनी दीपावली की रौनक
बिहार में शिक्षकों और जीविका कर्मियों को अक्टूबर का वेतन न मिलने से उनकी दीपावली फीकी रही। प्रदेश कांग्रेस ने ...और पढ़ें

शिक्षकों के वेतन पर सरकार को घेरा
HighLights
शिक्षकों और जीविका कर्मियों को अक्टूबर का वेतन नहीं मिला।
वेतन न मिलने से दीपावली का त्योहार फीका रहा।
कांग्रेस ने सरकार की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो,पटना। बिहार में शिक्षकों और जीविका कर्मियों के वेतन संकट को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि अक्टूबर महीने का वेतन नहीं मिलने के कारण राज्य के लाखों शिक्षकों की दीपावली फीकी रही। वहीं, जीविका कर्मियों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार त्योहारों पर खुशहाली के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि वेतन के अभाव में शिक्षकों और जीविका से जुड़ी महिलाओं को त्योहार की खुशियों से समझौता करना पड़ा।
शिक्षकों के वेतन पर सरकार को घेरा, एमएलसी की चुप्पी पर उठाए सवाल
असितनाथ तिवारी ने कहा कि सरकार के तमाम वादों के बावजूद लाखों शिक्षकों को अक्टूबर महीने का वेतन नहीं मिला। इससे शिक्षकों के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गईं।
उन्होंने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनकर विधान परिषद पहुंचे एमएलसी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शिक्षकों के मुद्दों पर राजनीति करने वाले नेता इस गंभीर समस्या पर आवाज उठाने से बच रहे हैं। उनका कहना था कि शिक्षकों के हितों की बात करने वाले जनप्रतिनिधियों की चुप्पी निराशाजनक है।
सातवें वेतनमान का वादा करने वाले नेता कहां गायब : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान किए गए वादों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने का भरोसा देने वाले नेता चुनाव खत्म होते ही गायब हो गए।
शिक्षकों के नाम पर राजनीति करने वाले तथाकथित शिक्षक नेता अब उनके वेतन जैसे बुनियादी मुद्दे पर भी चुप हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय शिक्षक हितैषी बनने वाले नेताओं की वास्तविकता अब सामने आ रही है।
वेतन संकट से जीविका दीदियों की भी फीकी रही दीपावली
असितनाथ तिवारी ने जीविका कर्मियों की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन के अभाव में जीविका दीदियां दीपावली पर अपने घरों में दीपक तक नहीं जला सकीं।
जीविका से जुड़े परिवारों के बच्चे पटाखों और मिठाइयों के लिए तरसते रह गए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि त्योहार के मौके पर भी कर्मियों को आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ा। यह स्थिति सरकार की कर्मचारी विरोधी कार्यशैली को दर्शाती है।
सरकार की संवेदनशीलता पर कांग्रेस ने खड़े किए सवाल
कांग्रेस ने कहा कि शिक्षकों और जीविका कर्मियों जैसे बड़े कार्यबल को समय पर भुगतान नहीं मिलना गंभीर विषय है। सरकार को कर्मचारियों की आर्थिक जरूरतों और त्योहारों के महत्व को समझना चाहिए।
असितनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार के दावों और कर्मचारियों की जमीनी स्थिति में बड़ा अंतर है। उन्होंने वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।