विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण की अब हर हफ्ते होगी समीक्षा, मंत्री ने दिए कड़े निर्देश

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:56 PM (IST)

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण की साप्ताहिक समीक्षा की घोषणा की है।

बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण की अब हर हफ्ते होगी समीक्षा, मंत्री ने दिए कड़े निर्देश

बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण की अब हर हफ्ते होगी समीक्षा, मंत्री ने दिए कड़े निर्देश

HighLights

  1. विशेष भूमि सर्वेक्षण की अब साप्ताहिक समीक्षा होगी।

  2. कम प्रगति वाले जिलों पर विशेष कार्ययोजना बनेगी।

  3. अभिलेखों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण की साप्ताहिक समीक्षा होगी। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने कम प्रगति वाले जिलों और अंचलों को चिह्नित कर अलग से समीक्षा करने तथा अगले 15 दिनों की विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण शुद्ध भूमि अभिलेख तैयार करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए लक्ष्य पूरा करने के साथ अभिलेखों की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार को सभी जिलों की मौजावार प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। स्वघोषणा, खानापुरी, नक्शा, प्रारूप प्रकाशन, दावा-आपत्ति और अंतिम प्रकाशन के स्तर पर लंबित कार्यों की समय-सीमा तय कर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

विभाग के सचिव जय सिंह ने लंबित दावा-आपत्तियों की अधिकारीवार सूची तैयार कर पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया।

सचिव ने कहा कि सर्वेक्षण के प्रत्येक चरण की प्रगति की नियमित निगरानी जरूरी है। तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए और डैशबोर्ड के माध्यम से साप्ताहिक समीक्षा की जाए।

जिला एवं अंचलवार लक्ष्य, उपलब्धि, लंबित मामलों और देरी के कारणों की स्पष्ट जानकारी डैशबोर्ड पर उपलब्ध रहे, ताकि जहां कमी है वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- 25 साल से रह रहे परिवारों पर चला बुलडोजर, जहानाबाद में जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस से झड़प, 4 जवान घायल

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर-पटना एनएच के किनारे सरकारी जमीन का माफिया कर रहे सौदा, विभाग हुआ अलर्ट