25 साल से रह रहे परिवारों पर चला बुलडोजर, जहानाबाद में जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस से झड़प, 4 जवान घायल
जहानाबाद के पहलेजा गांव में पंचायत सरकार भवन की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस और अतिक्रमणकारियों में झड़प ...और पढ़ें

रोड़ेबाजी में तीन महिला समेत चार पुलिसकर्मी घायल
HighLights
पुलिस और अतिक्रमणकारियों के बीच झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हुए।
पहलेजा गांव में पंचायत सरकार भवन की जमीन खाली कराई जा रही थी।
15 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
संवादसूत्र, कलेर (जहानाबाद)। प्रखंड के पहलेजा गांव में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए चिन्हित जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची पुलिस और अतिक्रमणकारियों के बीच सोमवार दोपहर बाद झड़प हो गई। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पुलिस पर ईंट-पत्थर और रोड़ेबाजी किए जाने का आरोप है।
घटना में तीन महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके पर तनाव के बीच अतिक्रमण स्थल पर बनी एक झोपड़ी में आग लगने से भी अफरातफरी मच गई।
मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पहुंची पुलिस, दो बुलडोजर भी लगाए गए
प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पहले ही जमीन खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसी के आधार पर सोमवार को मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल पहलेजा पहुंचा।
अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर दो बुलडोजर भी लगाए गए थे। जैसे ही प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई शुरू की, महिलाओं का समूह विरोध में सड़क पर उतर आया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
रोड़ेबाजी में तीन महिला समेत चार पुलिसकर्मी घायल
अंचलाधिकारी राहुल उत्तम ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रशासन की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ा दी गई।
झोपड़ी में आग से मची अफरातफरी, दमकल ने बुझाई आग
अतिक्रमण स्थल पर बनी एक खाली झोपड़ी में भी आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
झोपड़ी में आग लगने को लेकर प्रशासन और अतिक्रमणकारियों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। सीओ ने आरोप लगाया कि झोपड़ी में आग अतिक्रमणकारियों ने ही लगाई, जबकि अतिक्रमणकारियों ने पुलिस पर आग लगाने का आरोप लगाया है।
25 वर्षों से रहने का दावा, परिवारों को बेघर करने का आरोप
अतिक्रमणकारियों का कहना है कि वे करीब 25 वर्षों से उक्त जमीन पर रह रहे हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से बसे गरीब परिवारों को बिना उचित व्यवस्था के बेघर किया जा रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जमीन खाली कराने की कार्रवाई पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर की जा रही थी।
दो महिलाएं हिरासत में, 15 नामजद समेत 50 अज्ञात पर केस
घटना के बाद पुलिस ने दो महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस पर रोड़ेबाजी और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में 15 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
