विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर-पटना एनएच के किनारे सरकारी जमीन का माफिया कर रहे सौदा, विभाग हुआ अलर्ट

Published: Tue, 06 Oct 2026 05:55 AM (GMT+05:30)

Bihar Revenue Minister Dilip Jaiswal: मुजफ्फरपुर में भू-माफिया एनएच-22 और एनएच-28 के किनारे सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर निर्माण ...और पढ़ें

एनएच की जमीन की इस तरह की गई है घेराबंदी। फोटो सौ. जागरण

एनएच की जमीन की इस तरह की गई है घेराबंदी। फोटो सौ. जागरण

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Government Land Encroachment Muzaffarpur: जिले में सरकारी जमीनों पर भू-माफिया की लगातार नजर बनी हुई है।

एनएच-28 की जमीन के बाद अब मुजफ्फरपुर-पटना फोरलेन (एनएच-22) के मुजफ्फरपुर-हाजीपुर खंड में तुर्की के पास सरकारी जमीन को घेरकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। माफिया द्वारा इस बेशकीमती जमीन का सौदा भी किया जा रहा है।

मंत्री ने दिए जांच के निर्देश

सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी जमाबंदी कराने का यह मामला राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के पास पहुंचा।

मंत्री डा. दिलीप कुमार जायसवाल ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को इसकी त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने की शिकायत

एनएच किनारे रहने वाले ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जानकारी मंत्री तक पहुंचाई। ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी जमीन को गलत तरीके से रैयत के नाम दर्ज करा दिया गया और फिर उसकी धड़ल्ले से खरीद-बिक्री की जाने लगी।

डीएम ने एडीएम को सौंपा मामला

मंत्री के आदेश के बाद समाहर्ता ने जांच प्रक्रिया शुरू करा दी है। मुजफ्फरपुर डीएम ने कुढ़नी अंचलाधिकारी से मामले की पड़ताल कराने का निर्देश अपर समाहर्ता (एडीएम) को दिया है।

एनएच-28 पर भी फर्जीवाड़ा

इससे पहले अतरदह और रामदयालु क्षेत्र में एनएच-28 के लिए एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और दाखिल-खारिज का मामला सामने आ चुका है।

वर्ष 1967-68 में अधिग्रहण के बाद बची जमीन पर कब्जा कर अवैध केवाला करा लिया गया था। एनएचएआई की शिकायत पर प्रशासन ने 20 से अधिक अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया है।