बिहार सरकार का त्योहारों पर तोहफा: 5 से 20 नवंबर तक चलेंगी 200 स्पेशल बसें, ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने दीपावली और छठ महापर्व के लिए विशेष बस सेवा की बुकिंग शुरू कर दी है।

दीपावली और छठ महापर्व के लिए विशेष बस सेवा की बुकिंग शुरू। (फाइल फोटो)
HighLights
दीपावली-छठ के लिए विशेष बस सेवा शुरू।
बिहार से उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित 5 राज्यों के लिए बसें।
एसी स्लीपर बसों पर 30% से अधिक छूट।
जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष त्योहारी बस सेवा की टिकट बुकिंग रविवार से शुरू कर दी है।
यह विशेष बस सेवा बिहार से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए होगी। इन राज्यों के लिए लगभग 200 बसों का संचालन चिह्नित मार्गों पर पांच से 20 नवंबर के बीच किया जाएगा।
इसके लिए निगम ने एसी युक्त सीटर, स्लीपर, सेमी-स्लीपर और नॉन एसी बस का इंतजाम किया है। यात्री https://bsrtc.bihar.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं।
पटना से दिल्ली के लिए 13, हरियाणा के लिए सात और झारखंड के लिए चार बसें रवाना होंगी। मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए 34, गया से दिल्ली के लिए 10, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए दो-दो तथा झारखंड के लिए छह बसें चलाई जाएंगी।
इसी तरह पूर्णिया से दिल्ली के लिए 12, हरियाणा के लिए 18, जबकि दरभंगा से दिल्ली के लिए 6, हरियाणा के लिए 22 बसें संचालित की जाएंगी।
इसी तरह अन्य प्रमुख रूटों पर भी बसों का परिचालन किया जाएगा। परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि परिवहन विभाग पिछले वर्ष की तरह ही त्योहारों के दौरान यात्रियों को किफायती यात्रा का विकल्प दे रहा है।
त्योहारों के समय यात्री सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। एसी सीटर एवं स्लीपर बस की टिकट बुकिंग करने पर 30 प्रतिशत से अधिक सब्सिडी दी जा रही है।
छूट के बाद बिहार-दिल्ली बस का किराया
पटना से दिल्ली नॉन-एसी सीटर का किराया 1182 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1483 रुपये, एसी सीटर 1318 रुपये और एसी स्लीपर 1935 रुपये तय किया गया है।
मुजफ्फरपुर-दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर 1074 रुपये, स्लीपर 1352 रुपये, एसी सीटर 1195 रुपये और एसी स्लीपर 1767 रुपये है।
गया जी-दिल्ली रूट के लिए नॉन-एसी सीटर 1139 रुपये, स्लीपर 1426 रुपये, एसी सीटर 1272 रुपये और एसी स्लीपर 1861 रुपये जबकि दरभंगा-दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर 1165 रुपये, स्लीपर 1461 रुपये, एसी सीटर 1201 रुपये और एसी स्लीपर 1908 रुपये निर्धारित है।
पूर्णिया-दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर 1486 रुपये, स्लीपर 1842 रुपये, एसी सीटर 1668 रुपये और एसी स्लीपर 2398 रुपये किराया तय किया गया है।
बिहार-हरियाणा रूट का किराया
पटना-अंबाला नॉन-एसी सीटर 1303 रुपये और एसी स्लीपर 2134 रुपये, पटना-गुरुग्राम नॉन-एसी सीटर 1193 रुपये और एसी स्लीपर 1948 रुपये तथा गया जी-अंबाला नॉन-एसी सीटर 1242 रुपये और एसी स्लीपर 2043 रुपये है।
झारखंड, यूपी, पश्चिम बंगाल का किराया
झारखंड रूट पर पटना-गुमला नॉन-एसी सीटर का किराया 502 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 800 रुपये तथा आरा-रांची नॉनन-एसी सीटर 474 रुपये और एसी स्लीपर 655 रुपये है।
पश्चिम बंगाल के लिए पटना-कोलकाता नॉन-एसी सीटर 839 रुपये और एसी स्लीपर 1276 रुपये तथा गया जी-कोलकाता नॉन-एसी सीटर 736 रुपये और एसी स्लीपर 1115 रुपये है। उत्तर प्रदेश रूट पर पटना-गाजियाबाद नॉन-एसी सीटर 1120 रुपये और एसी स्लीपर 1854 रुपये निर्धारित है।
एसी स्लीपर बसों में सबसे ज्यादा छूट
सबसे ज्यादा छूट एसी स्लीपर बसों में है। सुपौल-दिल्ली एसी स्लीपर का वास्तविक किराया 3030 रुपये है, जिस पर 1000 की छूट दी जा रही है। इसी तरह लौकहा-दिल्ली एसी स्लीपर का वास्तविक किराया 3077 है, जिस पर 1028 की छूट है।
भागलपुर-अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3603 है, जिस पर 1113, पूर्णिया-अंबाला रूट का किराया 3462 है, जिस पर 1103, जबकि मधुबनी-अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3257 है, जिस पर 1092 रुपये की छूट मिल रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-बिहार बस सेवा को लेकर बड़ा कदम, सरकार ने जारी किया समझौते का ड्राफ्ट; 5 सितंबर तक दे सकेंगे सुझाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।