बिहार में SIR पर कांग्रेस का बड़ा हमला, CEC के इस्तीफे की मांग; मतदाता सूची से हटे नाम बहाल करने की मांग
कांग्रेस कार्यसमिति ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरएसएस-भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। ...और पढ़ें

13.30 करोड़ नाम हटाने का कांग्रेस का दावा
HighLights
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया निलंबित करने की मांग।
मतदाता सूची से हटाए गए 13.30 करोड़ नाम बहाल हों।
राज्य ब्यूरो, पटना। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरएसएस-भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही पार्टी ने एसआइआर की प्रक्रिया को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। बैठक दिल्ली में आयोजित की गई है।
वोट चोरी की आशंकाओं की पुष्टि का दावा
कांग्रेस का कहना है कि हालिया खुलासों से राहुल गांधी की ओर से लगातार उठाई जा रही वोट चोरी की आशंकाओं की पुष्टि होती है।
कार्यसमिति ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त अन्य चुनाव आयुक्तों से उचित परामर्श किए बिना फैसले ले रहे हैं। इससे चुनाव आयोग एक व्यक्ति के नियंत्रण वाली संस्था में बदल गया है।
दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का हवाला
सीडब्ल्यूसी ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले दस महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने 14 आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
इन आपत्तियों में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान फार्म-6 में किए गए बदलाव को अवैध और अनधिकृत बताया गया था। कांग्रेस ने देशव्यापी एसआइआर की संवैधानिक वैधता पर भी सवाल उठाया।
13.30 करोड़ नाम हटाने का कांग्रेस का दावा
पार्टी का दावा है कि प्रक्रिया के तहत अब तक 13.30 करोड़ नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कार्यसमिति ने इन सभी नामों को तत्काल मतदाता सूची में बहाल करने की मांग की है।
