विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दारोगा भर्ती परीक्षा में जांच के बीच नया सवाल, वीडियो फुटेज में मोबाइल चलाते दिखे वीक्षक; EOU ने आयोग से मांगा जवाब

Published: Thu, 17 Sep 2026 07:00 AM (IST)

दारोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ियों की जांच कर रही ईओयू को परीक्षा केंद्रों के वीडियो फुटेज में वीक्षकों द्वारा मोबाइल ...और पढ़ें

मोबाइल दिखने से जैमर पर भी उठे सवाल

मोबाइल दिखने से जैमर पर भी उठे सवाल

HighLights

  1. ईओयू को दारोगा भर्ती परीक्षा के वीडियो फुटेज में गड़बड़ी मिली।

  2. परीक्षा के दौरान वीक्षक मोबाइल फोन चलाते हुए दिखे।

  3. ईओयू ने जैमर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। दारोगा भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को परीक्षा केंद्रों के वीडियो फुटेज की पड़ताल में भी कुछ ऐसे दृश्य मिले हैं, जिन पर सवाल उठ रहे हैं। ईओयू सूत्रों के अनुसार, फुटेज में परीक्षा के दौरान कुछ वीक्षक केंद्र के अंदर मोबाइल फोन चलाते दिखाई दे रहे हैं।

यह वीडियो पूर्णिया या गया के परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है। जांच एजेंसी अब इन सभी बिंदुओं को अपनी समेकित रिपोर्ट में शामिल कर रही है।

मोबाइल दिखने से जैमर पर भी उठे सवाल

वीडियो में परीक्षा के दौरान वीक्षक के मोबाइल इस्तेमाल करते दिखने से ईओयू इस पहलू की भी जांच कर रही है कि संबंधित केंद्र पर जैमर की स्थिति क्या थी और वह प्रभावी तरीके से काम कर रहा था या नहीं।

हालांकि, केवल वीडियो में मोबाइल दिखाई देने से जैमर के काम नहीं करने की पुष्टि नहीं होती। ईओयू सभी उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर रही है।

आयोग को पांच पत्र, एक का जवाब

दारोगा भर्ती परीक्षा में मिली शिकायतों और साक्ष्यों को लेकर ईओयू अब तक बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) को पांच पत्र भेज चुकी है।

तीन सितंबर को एक, आठ सितंबर को दो और 15 सितंबर को दो पत्र भेजे गए। इन पत्रों के जरिए आयोग से अलग-अलग मामलों पर जानकारी, कार्रवाई का विवरण और आवश्यक वीडियो फुटेज मांगे गए हैं।

पूर्णिया-गया के फुटेज की हो रही जांच

तीन सितंबर के पत्र के जवाब में आयोग की ओर से पूर्णिया और गया में सामने आई गड़बड़ियों पर की गई कार्रवाई तथा संबंधित जानकारी ईओयू को उपलब्ध कराई गई।

इसके साथ ही वीडियो फुटेज भी दिए गए। इन्हीं फुटेज की जांच के दौरान वीक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल से जुड़े दृश्य सामने आने की बात कही जा रही है।

एडीजी-डीआइजी ने एसआइटी के साथ की समीक्षा

ईओयू की एसआइटी आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों और जवाबों का अध्ययन कर रही है। बुधवार को ईओयू के एडीजी अमित कुमार जैन और डीआइजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने एसआइटी के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की जांच की समीक्षा की।

अब तैयार होगी समेकित जांच रिपोर्ट

बैठक में परीक्षा से जुड़े अब तक मिले साक्ष्यों, आयोग के जवाब और वीडियो फुटेज का मिलान किया गया। एडीजी ने एसआइटी को जांच के सभी बिंदुओं को शामिल करते हुए समेकित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।

जांच पूरी होने के बाद ही सामने आई गड़बड़ियों की स्थिति और उनकी जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती धांधली: 12 दिन बाद BPSSC का जवाब, फिर भी कई सवाल अनसुलझे; EOU ने भेजे 2 नए पत्र

यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती जांच में EOU का अंतिम रिमाइंडर, BPSSC ने जवाब नहीं दिया तो आयोग के दफ्तर पहुंचेगी SIT