विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दारोगा भर्ती धांधली: 12 दिन बाद BPSSC का जवाब, फिर भी कई सवाल अनसुलझे; EOU ने भेजे 2 नए पत्र

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:00 AM (IST)

दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की जांच के बीच बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ...और पढ़ें

जवाब मिला, लेकिन जांच के सवाल बाकी

जवाब मिला, लेकिन जांच के सवाल बाकी

HighLights

  1. बीपीएसएससी ने 12 दिन बाद ईओयू को दारोगा भर्ती पर जवाब भेजा।

  2. जवाब में कई बिंदु अस्पष्ट, आयोग ने अतिरिक्त समय मांगा।

  3. ईओयू ने आयोग को दो और नए पत्र भेजे, जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, पटना। दारोगा भर्ती परीक्षा में कथित धांधली की जांच के बीच बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने आखिरकार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को अपने पहले पत्र का जवाब भेज दिया है। तीन सितंबर को ईओयू ने आयोग से परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े कई सवालों के जवाब मांगे थे।

करीब 12 दिन बाद मिले जवाब में भी कुछ बिंदु स्पष्ट नहीं हैं। आयोग ने कुछ सूचनाओं के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा है।

जवाब मिला, लेकिन जांच के सवाल बाकी

ईओयू को अभी आठ सितंबर को भेजे गए दो पत्रों का जवाब नहीं मिला है। इनमें परीक्षा संचालन से जुड़े कर्मियों, बायोमीट्रिक एजेंसी और परीक्षा केंद्रों से जुड़ी अहम जानकारी मांगी गई थी।

इसी बीच मंगलवार को ईओयू ने आयोग को दो और पत्र भेजकर परीक्षा से संबंधित अतिरिक्त जानकारी मांगी है।

टॉप-20 केंद्रों के रिजल्ट पर नजर

मई में 1799 पदों के लिए हुई मुख्य लिखित परीक्षा में धांधली की शिकायत पर पूर्णिया और गया में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अगस्त के आखिरी सप्ताह में ईओयू ने जांच संभालते हुए एसआइटी गठित की।

जांच में उन केंद्रों की जानकारी भी मांगी गई है, जहां 25 से 30 प्रतिशत तक अभ्यर्थियों के सफल होने की शिकायत सामने आई थी। ईओयू ने ऐसे टॉप-20 केंद्रों और सफल अभ्यर्थियों का ब्योरा मांगा है।

प्रश्न-पत्र बाहर कैसे पहुंचा, तलाश रही EOU

ईओयू यह भी पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा केंद्र से बाहर आई प्रश्न-पत्र की तस्वीर वास्तविक है या नहीं। तस्वीर किस केंद्र से बाहर आई, उसे किसने खींचा और इसमें कौन कर्मी शामिल था, इसकी जानकारी मांगी गई है।

प्रश्न-पत्र की छपाई से लेकर उसकी सुरक्षा व्यवस्था, बायोमीट्रिक कर्मियों, जैमर कर्मियों और वीक्षकों का विवरण भी जांच के दायरे में है।

आयोग के जवाब का हो रहा सत्यापन

ईओयू अधिकारियों के अनुसार, एसआइटी आयोग से मिले जवाब का बिंदुवार अध्ययन कर रही है। जवाब में दी गई जानकारी और आयोग की ओर से की गई कार्रवाई का सत्यापन किया जा रहा है।

इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आयोग का जवाब जांच में कितनी मदद करता है और किन सवालों के जवाब अभी बाकी हैं।

बीपीएसएससी अध्यक्ष केएस द्विवेदी भी गए छुट्टी पर

राज्य ब्यूरो, जागरण, पटना : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी केएस द्विवेदी भी एक माह की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं।

दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर चल रहे विवाद के बीच द्विवेदी के अवकाश पर जाने की बात से चर्चा का बाजार गर्म है। सूत्रों के अनुसार, वह अपनी पत्नी के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अवकाश पर गए हैं।

यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती जांच में EOU का अंतिम रिमाइंडर, BPSSC ने जवाब नहीं दिया तो आयोग के दफ्तर पहुंचेगी SIT