आधार अपडेट कराने के लिए अब स्कूल से बाहर नहीं जाएंगे छात्र! बिहार शिक्षा विभाग शुरू करने जा रहा खास सुविधा
बिहार शिक्षा विभाग स्कूलों में ही विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेट करने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इससे छात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी होगी और उन्हें स्कूल से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

आधार अपडेट कराने के लिए अब स्कूल से बाहर नहीं जाएंगे छात्र (एआई जेनरेटेजड तस्वीर)
HighLights
स्कूलों में ही विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेट करने की सुविधा।
सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए यह पहल।
शिक्षा विभाग करेगा नियमित निगरानी, प्रधानाध्यापक करेंगे जागरूक।
राज्य ब्यूरो, पटना। स्कूलों में दाखिल विद्यार्थियों के आधार कार्ड को अपडेट करने की सुविधा अब स्कूलों में ही उपलब्ध हो जाएगी। शिक्षा विभाग विद्यालयों में आधार अपडेट करने के सिस्टम को शुरू करने की तैयारी कर रहा। इस बारे में सभी जिलों को निर्देश भी दिए गए हैं।
पूर्व में शिक्षा विभाग के स्तर पर कुछ जगहों पर आधार कार्ड अपडेट करने के सिस्टम को लगाया भी गया था। कुछ जगहों पर लगे इस सिस्टम का उपयोग हो रहा या नहीं अथवा जो सिस्टम लगाया था वह कारगार है या नहीं इस बारे में भी जिलों से रिपोर्ट मंगायी गयी है।
विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी
आधार कार्ड के बारे में सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे समेकित रूप से यह आंकड़ा उपलब्ध कराएं कि ऐसे विद्यार्थियों कि संख्या कितनी है जिनका आधार कार्ड अपडेट नहीं है। ऐसा नहीं होने से संबंधित विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी है। इसलिए मिशन मोड में आधार कार्ड को अपडेट किए जाने का निर्देश दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने जिलों में स्थित अपने कार्यालयों को कहा है कि वे संबंधित वेंडर से संपर्क कर तुरंत सिस्टम को स्थापित कर आधार कार्ड को अपडेट किए जाने का काम शुरू कर दें। नयी व्यवस्था आरंभ होने से विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर जाना नहीं पड़ेगा। आधार कार्ड सिस्टम को स्थापित होने पर हुए खर्च भुगतान बिहार एजुकेशन प्रोजेक्ट के माध्यम से करा दिया जाएगा।
नियमित रूप से होगी मॉनिटरिंग
शिक्षा विभाग के स्तर पर नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग भी की जानी है कि किस जिले मे कितनी संख्या में आधार कार्ड अपडेट हुए और शेष कितने विद्यार्थियों के आधार कार्ड को अपडेट किया जाना बाकी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को इस बारे में अभिभावकों को जागरूक करने का भी टास्क दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।