पटना के मरीन ड्राइव पर आज से राज्य स्तरीय साइक्लिंग प्रतियोगिता, 200 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
पटना में खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार से जेपी गंगा पथ पर किया जा रहा है।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
पटना में राज्य स्तरीय विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता का आगाज।
जेपी गंगा पथ पर 200 खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम का होगा चयन।
जागरण संवाददाता, पटना। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना की ओर से वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार से किया जाएगा।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन सुबह छह बजे से जेपी गंगा पथ स्थित एलसीटी घाट से दीघा गोलंबर तक किया जाएगा। इसमें राज्य के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में पंजीकरण कराने के साथ आवश्यक जांच की गई।
सभी तैयारियां पूरी
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक, यातायात की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन के स्तर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर तकनीकी पदाधिकारियों की देखरेख में रूट प्लान तैयार कर कोर्स की मार्किंग की गई है।
प्रतियोगिता का निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से 10 दक्ष तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार की राज्य टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय विद्यालय बालक एवं बालिका साइक्लिंग प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह भी पढ़ें- Patna Traffic: जेपी सेतु पर आज रात से वाहनों का परिचालन बंद, कारगिल चौक से गायघाट तक कल नहीं चलेंगी गाड़ियां