विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 526 बालू घाटों की नीलामी अटकी, सरकार ने अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट; 15 अक्टूबर से खनन की तैयारी

Published: Fri, 21 Aug 2026 06:35 PM (IST)

बिहार में 526 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया धीमी होने पर खान एवं भूतत्व विभाग ने अधिकारियों को जल्द प्रक्रिया ...और पढ़ें

पीले बालू के 88 घाट अब भी नीलामी का इंतजार

पीले बालू के 88 घाट अब भी नीलामी का इंतजार

HighLights

  1. बिहार में 526 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया अभी भी धीमी।

  2. खान विभाग ने अधिकारियों को जल्द प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश।

  3. 15 अक्टूबर से बालू खनन शुरू होने की उम्मीद, आपूर्ति बढ़ेगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में बालू घाटों की नीलामी की प्रक्रिया अब भी धीमी है। राज्य के करीब 526 बालू घाटों की नीलामी लंबित रहने पर खान एवं भूतत्व विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है।

खान एवं भूतत्व मंत्री डा. प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सहायक निदेशक और खनिज विकास पदाधिकारियों को नीलामी में देरी के कारणों की रिपोर्ट देने को कहा गया। विभाग अब जिलावार स्थिति की समीक्षा कर रहा है।

पीले बालू के 88 घाट अब भी नीलामी का इंतजार

विभागीय समीक्षा में सामने आया कि राज्य में पीले बालू के कुल 466 घाट हैं। इनमें से 378 घाटों की नीलामी हो चुकी है, जबकि 88 घाट अभी भी नीलामी की प्रक्रिया में अटके हैं।

नीलाम किए गए घाटों में भी सभी से खनन शुरू नहीं हो सका है। अब तक केवल 199 नीलाम घाटों से बालू खनन शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इससे साफ है कि नीलामी के साथ खनन शुरू कराने की चुनौती भी बनी हुई है।

सफेद बालू के 438 घाटों की नीलामी बाकी

सफेद बालू के मामले में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण है। राज्य में सफेद बालू के कुल 541 घाट बताए गए हैं, जिनमें केवल 103 की नीलामी हो सकी है।

अभी 438 सफेद बालू घाट नीलामी का इंतजार कर रहे हैं। नीलाम किए गए घाटों में भी सिर्फ 37 से खनन शुरू हो पाया है। विभाग ने अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

प्रत्यर्पित 79 घाटों पर भी जल्द निकलेगा टेंडर

विभाग ने प्रत्यर्पित बालू घाटों की स्थिति की भी समीक्षा की है। ऐसे करीब 79 घाट सामने आए हैं, जिनमें सिर्फ 16 की सफल नीलामी हो सकी है।

बाकी घाटों के लिए जल्द निविदा निकालकर नीलामी प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। साथ ही निर्धारित दर के अनुसार राजस्व वसूली की भी जांच कराने का निर्देश दिया गया है।

15 अक्टूबर से खनन शुरू होने की उम्मीद

विभाग का मानना है कि 15 अक्टूबर से बालू खनन दोबारा शुरू हो सकता है। इसके लिए लंबित घाटों की नीलामी और अन्य प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है।

घाटों के चालू होने के बाद बाजार में बालू की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। इससे मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनने के साथ बालू की कीमतों पर भी दबाव कम हो सकता है।