बिहार सिपाही भर्ती कांड: मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ईडी का एक्शन, आरोपी कौशिक कुमार की 5 संपत्तियां जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

ईडी ने लिया एक्शन। (फाइल फोटो)
HighLights
ईडी ने सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में कार्रवाई की।
कौशिक कुमार कर की 2.01 करोड़ की संपत्ति जब्त।
फर्जी कंपनियों के जरिए पैसे का हेरफेर उजागर हुआ।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है।
ईडी के पटना जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के दौरान 2.01 करोड़ रुपये की पांच अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया है।
ये संपत्तियां एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर थीं। इस कंपनी का वास्तविक मालिकाना नियंत्रण भी पेपर छपाई का ठेका लेने वाली कंपनी से जुड़े कौशिक कुमार कर के पास बताया गया है।
ईडी की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि कौशिक कुमार कर ने ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस प्रा. लि. को सामने लाने के बजाय कैल्टेक्स मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से नई कंपनी बनाई।
इसमें अपने सहयोगियों को निदेशक बनाया, ताकि पहले के परीक्षा पेपर लीक मामलों में ब्लैकलिस्टेड हो चुकी कंपनी पर लगी पाबंदियों से बचा जा सके। आरोप है कि कैल्टेक्स ने बिना किसी पुराने प्रिंटिंग अनुभव और अपनी प्रिंटिंग प्रेस के ही सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र छापने का ठेका हासिल कर लिया।
पटना लाने के दौरान पेपर लीक
बाद में ठेके की शर्तों का उल्लंघन करते हुए छपाई का काम ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस को सौंप दिया गया। प्रश्नपत्र कोलकाता से पटना लाने के दौरान ही लीक कर दिया गया था। इसके कारण परीक्षा रद करनी पड़ी थी। इससे सरकार को आर्थिक नुकसान हुआ और हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ।
ईडी के मुताबिक, कैल्टेक्स को इस काम के लिए 5.90 करोड़ रुपये अग्रिम मिले थे। इसमें से 2.01 करोड़ रुपये विभिन्न फर्जी कंपनियों के खातों में भेज दिए गए।
इन कंपनियों के जरिये रकम को इधर-उधर करने के बाद नकदी में बदल दिया गया, जिससे पैसों का हिसाब नहीं मिल सका। अब इसी रकम के बराबर पांच संपत्तियों को जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।