बिहार में पक्के मकान का सपना होगा पूरा, पीएम शहरी आवास योजना के लिए 24.14 करोड़ रुपये जारी
बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बेघर परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए 24.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

पीएम शहरी आवास योजना से जरूरतमंदों को मिलेगा पक्का घर, 24.14 करोड़ रुपये जारी (AI Generated Image)
HighLights
बिहार सरकार ने पीएम शहरी आवास योजना को 24.14 करोड़ दिए।
बेघर शहरी परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य।
केंद्र और राज्य के योगदान से 2026-27 में खर्च होगी राशि।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के शहरी क्षेत्रों में आवासविहीन परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 24.14 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस राशि का उपयोग संबंधित योजना पर किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
पीएम आवास योजना शहरी में केंद्र सरकार से मिली राशि के अनुपात में राज्यांश की राशि भी शामिल की गई है। केंद्र और राज्य सरकार के हिस्से को मिलाकर कुल 24.14 करोड़ रुपये है। इसमें केंद्रांश के रूप में 16.10 करोड़ और राज्यांश के रूप में 8.03 करोड़ रुपये शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, योजना के तहत सामान्य श्रेणी यानी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से इतर घटक के लिए केंद्रांश और राज्यांश की राशि निर्धारित की गई है।
इसके अलावा अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) घटकों के लिए भी अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है। इससे संबंधित परियोजनाओं में आवास निर्माण के काम को आगे बढ़ाया जाएगा।
विभाग के अनुसार, नगर निकायों और कार्यान्वयन एजेंसियों को राशि खर्च करने की अनुमति होगी। राशि का उपयोग केंद्र सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करना होगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की शुरुआत 17 जून 2015 को हुई थी। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आवासविहीन परिवारों को कम से कम 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का पक्का मकान उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें- PM Awas Yojana में 'डबल फायदा' लेना पड़ा भारी, पूर्णिया में 18 परिवारों से होगी वसूली; 5 प्रखंडों में एक्शन
