विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट धांधली और लाठीचार्ज पर भड़का विपक्ष, मारपीट की आई नौबत; बिहार विधानसभा 2 बजे के लिए स्थगित

Published: Thu, 23 Jul 2026 11:08 AM (IST)

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने नीट धांधली और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बिहार विधानसभा परिसर में हंगामा

बिहार विधानसभा परिसर में हंगामा

HighLights

  1. विपक्ष ने नीट धांधली और लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया।

  2. प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

  3. छात्रों के आंदोलन पर लाठीचार्ज को अलोकतांत्रिक बताया।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष एक बार फिर आक्रामक तेवर में नजर आया। नीट परीक्षा में धांधली और लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने जमकर विरोध किया। इस दौरान पक्ष और विपक्ष में मारपीट की नौबत आ गई। विधानसभा परिसर में महागठबंधन के नेताओं और विधायकों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं भारी हंगामे को देखते हुए विधानसभा 2 बजे के लिए स्थगित कर दिया गया है।

विपक्षी सदस्यों ने नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संचालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने छात्रों के आंदोलन पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।

गड़बड़ियों से युवाओं का भविष्य संकट में

प्रदर्शन में शामिल नेताओं का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियों से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। उनका आरोप था कि सरकार पेपर लीक पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। 

विपक्ष ने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग पूरी तरह अनुचित है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कुछ देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद सभी विपक्षी सदस्य सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए विधानसभा भवन के भीतर चले गए। विपक्ष ने संकेत दिया कि इन मुद्दों को वह सदन के भीतर भी प्रमुखता से उठाएगा।

यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा में घिरी सरकार: सोलर स्ट्रीट लाइट के मुद्दे पर मंत्री दीपक प्रकाश को NDA विधायकों ने ही घेरा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।