Bihar News: एसडीएम-इंजीनियर दंपती की 3.59 करोड़ की अवैध संपत्ति उजागर, लॉकर से मिले 62.65 लाख के गहने
गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के बैंक लॉकर से 62.65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। विशेष निगरानी इकाई की जांच में दंपती के पास आय से 3.59 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है।

विवाह के बाद अलग-अलग तारीखों पर खरीदे गए गहने
HighLights
एसडीएम-इंजीनियर दंपती के लॉकर से 62.65 लाख के गहने बरामद।
आय से 3.59 करोड़ रुपये अधिक की अवैध संपत्ति उजागर हुई।
पटना, रोहतास में कई भूखंड, मकान और बेनामी वाहन मिले।
राज्य ब्यूरो, पटना। गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डा. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के बैंक लॉकर से 62 लाख 65 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
रितेश कुमार पटना के नई राजधानी अवर पथ प्रमंडल-2 में सहायक अभियंता हैं। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने एसबीआइ की आनंदपुरी शाखा स्थित दंपती के संयुक्त बैंक लॉकर की जांच के बाद यह जानकारी दी है।
विवाह के बाद अलग-अलग तारीखों पर खरीदे गए गहने
एसवीयू के अनुसार, बरामद आभूषण विवाह के बाद अलग-अलग तिथियों पर खरीदे गए थे। अफसर दंपती के ठिकानों पर मंगलवार को हुई छापेमारी के बाद जांच में लगातार नई संपत्तियों का पता चल रहा है। बैंक लॉकर की जांच भी इसी अनुसंधान का हिस्सा थी। बरामद गहनों का कुल मूल्य 62.65 लाख रुपये आंका गया है।
कुल आय 2.36 करोड़, संपत्ति 5.31 करोड़
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, अफसर दंपती की कुल आय 2 करोड़ 36 लाख रुपये पाई गई है। इसके मुकाबले उनके पास 5 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति मिली है। इस तरह दंपती के पास आय से 3 करोड़ 59 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।
जांच में 84 से बढ़कर 152.42 प्रतिशत हुआ आंकड़ा
मंगलवार को छापेमारी के बाद एसवीयू ने दंपती के पास आय से 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की जानकारी दी थी। सत्यापन और अन्य बरामदगियों के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 152.42 प्रतिशत हो गया है। जांच एजेंसी अब संपत्तियों और आय के स्रोतों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।
दानापुर में जी प्लस चार का मकान मिला
छापेमारी के दौरान पटना के दानापुर में अफसर दंपती के नाम पर जी प्लस चार का मकान, चार भूखंड और एक फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी मिली थी। इसके अलावा रोहतास में भी एक भूखंड का पता चला था। दानापुर के चंद्रशेखर नगर में रितेश कुमार के नाम पर 8100 वर्गफीट जमीन पर बना जी प्लस चार का आलीशान मकान भी मिला है।
मकान की अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये
एसवीयू के अनुसार, चंद्रशेखर नगर स्थित इस मकान की अनुमानित लागत 1.60 करोड़ रुपये है। इसके अलावा नौ लाख रुपये में 10-10 ग्राम के छह सोने के सिक्के खरीदे जाने की रसीद भी मिली है। जांच एजेंसी संपत्तियों की खरीद से संबंधित कागजातों की पड़ताल कर रही है।
क्रेटा और एक्टिवा के अलावा बेनामी स्कार्पियो
अफसर दंपती के नाम पर हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा भी मिली हैं। इसके अलावा एसडीएम गोपालगंज का बोर्ड लगी एक स्कार्पियो गाड़ी भी बरामद हुई है। एसवीयू ने इस स्कार्पियो को बेनामी बताया है। एजेंसी वाहन के स्वामित्व और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।