पटना से सिलीगुड़ी तक पूर्व इंजीनियर के 6 ठिकानों पर Vigilance का छापा, 1.52 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला
विशेष निगरानी इकाई ने ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व इंजीनियर अजीत कुमार दास के छह ठिकानों पर छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में उनके पास आय के ज्ञात स्रोतों से 1.52 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति मिली है, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

छह ठिकानों पर एक साथ पहुंची विजिलेंस की टीम
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (विजिलेंस) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व इंजीनियर अजीत कुमार दास के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में उनके पास आय के ज्ञात और वैध स्रोतों से करीब 1.52 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है। इसी आधार पर विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक तलाशी अभियान चलाया।
छह ठिकानों पर एक साथ पहुंची विजिलेंस की टीम
विजिलेंस की टीमों ने गुरुवार को पटना, नवगछिया, कटिहार, सासाराम, मुंगेर और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित परिसरों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई का उद्देश्य आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की तलाश करना है।
ग्रामीण कार्य विभाग में क्वालिटी कंट्रोल इंजीनियर रहे हैं अजीत
अजीत कुमार दास ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम प्रमंडल में क्वालिटी कंट्रोल के पूर्व इंजीनियर रह चुके हैं। उनके खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 दर्ज किया है। मामला आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा है।
आय से 1.52 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का आरोप
विजिलेंस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत कुमार दास ने अपनी आय के ज्ञात एवं वैध स्रोतों से करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। इसी आरोप के आधार पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
पूर्व इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद विशेष निगरानी इकाई की अलग-अलग टीमों ने छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की।
छापेमारी में मिले दस्तावेजों की जांच जारी
छापेमारी के दौरान बरामद संपत्ति, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। विजिलेंस की ओर से तलाशी में मिली सामग्री का विस्तृत विवरण जल्द जारी किए जाने की संभावना है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।