विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: रंजीत मुखिया हत्याकांड का पुराना कनेक्शन, AK-47 से अनिल यादव पर हमले तक; कौन है शंकर राय?

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Thu, 01 Oct 2026 11:02 AM (IST)

वार्ड पार्षद पति अनिल यादव पर जानलेवा हमले के मामले में शंकर राय की गिरफ्तारी के बाद उसका दो दशक ...और पढ़ें

जमीन विवाद से लेकर हत्या के मामलों तक आया नाम

जमीन विवाद से लेकर हत्या के मामलों तक आया नाम

HighLights

  1. शंकर राय की गिरफ्तारी से दो दशक पुराना आपराधिक इतिहास उजागर।

  2. रंजीत मुखिया हत्याकांड और दीना गोप हत्या में AK-47 कनेक्शन।

  3. अनिल यादव पर हमले में पुराने विवाद और साजिश की जांच।

जागरण संवाददाता, फुलवारी शरीफ(पटना)। वार्ड पार्षद पति व समाजसेवी अनिल यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शंकर राय की गिरफ्तारी के बाद उसका पुराना आपराधिक इतिहास एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, राजधानी पटना के अपराध जगत में शंकर का नाम करीब दो दशक से सामने आता रहा है।

2008 के रंजीत मुखिया हत्याकांड से लेकर बाद की कई आपराधिक घटनाओं तक उसका नाम जांच के दौरान सामने आया। अब अनिल यादव पर हमले की साजिश में गिरफ्तारी के बाद पुलिस पुराने आपराधिक कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।

2008 में रंजीत मुखिया हत्याकांड से सामने आया नाम

पुलिस के अनुसार, सात अगस्त 2008 को उत्तरी मैनपुरा के कुख्यात मुखिया रंजीत सिंह उर्फ रंजीत मुखिया की हत्या में शंकर राय का नाम सामने आया था।

इस मामले में उसके साथ भोला राय और मिथिलेश को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वारदात के दौरान शंकर को भी गोली लगी थी।

बाद में इस हत्याकांड में कई अन्य आरोपितों को अदालत से सजा हुई, जबकि हाईकोर्ट से कुछ आरोपितों को राहत मिली।

रंजीत मुखिया के बाद बना गिरोह, AK-47 से जुड़ा नाम

रंजीत मुखिया हत्याकांड के बाद शंकर राय और भोला राय के गिरोह का नाम पटना के अपराध जगत में चर्चा में रहा। पुलिस जांच में 2018 में पटना की तत्कालीन डिप्टी मेयर के पति दीना गोप की हत्या में भी इसी गिरोह से जुड़ी AK-47 के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।

रंजीत मुखिया और दीना गोप हत्याकांड में एक ही हथियार के कनेक्शन की जांच ने पुलिस के सामने हथियार की बरामदगी को बड़ी चुनौती बना दिया था।

जमीन विवाद से लेकर हत्या के मामलों तक आया नाम

शंकर और उसके गिरोह का नाम बाद में जमीन विवाद से जुड़े मामलों में भी सामने आता रहा। बेउर इलाके के बेतौड़ा में हत्या के मामले में गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच हुई थी।

वर्ष 2019 में किदवईपुरी में रवि गोप की हत्या के मामले में भी शंकर के कहने पर भोला राय और सिपुल महतो के शामिल होने की बात पुलिस जांच में सामने आई थी।

विवादित जमीन और बिल्डरों से जुड़े मामलों में भी चर्चा

पुलिस रिकॉर्ड और जांच में शंकर-भोला गिरोह के विवादित जमीन से जुड़े मामलों में सक्रिय रहने की बात सामने आती रही है।

आरोप रहा कि विवादित जमीन पर कब्जे या विवाद सुलझाने के नाम पर गिरोह सक्रिय रहता था। बिल्डरों और जमीन कारोबारियों से भी इनके संपर्क और लेनदेन की चर्चा होती रही।

हालांकि इन मामलों में सामने आए आरोपों और पुलिस जांच के निष्कर्षों को अलग-अलग मामलों के संदर्भ में देखा जाना जरूरी है।

भोला की हत्या के बाद बदले गिरोह के समीकरण

मई 2023 में योगीपुर नहर के पास भोला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाद की जांच में सिपुल महतो का नाम शूटर के रूप में सामने आया।

पुलिस जांच में कभी साथ काम करने वाले अपराधियों के बीच बाद में विवाद और दुश्मनी की बात भी सामने आई थी। भोला की हत्या के बाद गिरोह से जुड़े पुराने आपराधिक समीकरण भी बदलते नजर आए।

अनिल यादव से पुरानी अदावत, अब हमले की साजिश की जांच

पुलिस के अनुसार, शंकर राय और वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव के बीच लंबे समय से विवाद रहा है। वर्ष 2017 में शंकर ने अनिल यादव की पत्नी के खिलाफ अपने परिवार से प्रत्याशी भी मैदान में उतारा था।

अब अनिल यादव पर हुए हमले में शंकर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पुराने विवाद को भी जांच के दायरे में रख रही है।

शूटर और लाइनर भी गिरफ्तार, हथियार की तलाश

अनिल यादव पर हमले के मामले में पुलिस ने शंकर राय के अलावा शूटर और लाइनर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब हमले की पूरी साजिश, इस्तेमाल किए गए हथियार और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुराने मामलों में सामने आए आपराधिक कनेक्शन और मौजूदा हमले के बीच किसी संबंध की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- चुनावी रंजिश में हुई थी पार्षद पति पर गोलीबारी, पटना में लाइनर समेत 4 गिरफ्तार; मुख्य आरोपी शंकर यादव फरार

यह भी पढ़ें- पटना में अपार्टमेंट के बेसमेंट में पार्षद पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच गोलियां लगीं; बाइक सवार तीन हमलावर फरार