विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चुनावी रंजिश में हुई थी पार्षद पति पर गोलीबारी, पटना में लाइनर समेत 4 गिरफ्तार; मुख्य आरोपी शंकर यादव फरार

Published: Sun, 27 Sep 2026 11:53 PM (IST)

पार्षद पति अनिल कुमार यादव को चुनावी रंजिश के चलते गोली मारी गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव। (फाइल फोटो)

पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, पटना। बुद्धा कॉलोनी के चकारम निवासी वार्ड पार्षद पति अनिल कुमार यादव को चुनावी रंजिश में गोलियां मारी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस वारदात की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। पुलिस की मानें तो वर्ष 2017 से चली आ रही राजनीतिक रंजिश में बुद्धा कालोनी निवासी शंकर यादव ने सुपारी देकर अनिल रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

अनिल की पार्षद पत्नी के खिलाफ शंकर यादव की पत्नी चुनाव लड़ती थी। चुनावी विवाद के बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

पुलिस ने लाइनर व शूटरों को वाहन से लेकर हथियार मुहैय्या कराने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अब शंकर यादव और तीनों फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए अलग अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सीटी एसपी मध्य ममता कल्याणी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजीव नगर रोड नंबर 19 निवासी राहुल सहनी उर्फ नीरज सहनी, उसके भाई अमित कुमार उर्फ मंचल, मुंगेर के खड़कपुर के चंदन कुमार उर्फ भोली और राजीव नगर निवासी शंभु कुमार के रूप में हुई।

इनके पास से दो बाइक, एक ऑटो, दो पिस्टल, कट्टा बरामद, पांच मोबाइल बरामद किया गया है। बरामद एक बाइक अमित की है, जबकि दूसरी चोरी की है।

शंभू ऑटो चलाता है, जबकि राहुल का भाई अमित निजी कंपनी में नौकरी करता है। कुख्यात राहुल राजीव नगर में सेवानिवृत जेल अधीक्षक के मकान में किराए पर रहा रहा था।

वर्ष 2012 से अपराध में सक्रिय राहुल के खिलाफ पटना, आरा और मतिहारी के थानों में हत्या और हत्या के प्रयास के सात सहित 10 से ज्यादा केस दर्ज है। वह 2017 से जेल से बाहर था। चंदन के खिलाफ एसके पुरी थाने में हत्या, हत्या का प्रयास और डकैती के छह केस दर्ज हैं।

हर किसी की तय थी भूमिका, बाइक और ऑटो का इस्तेमाल

घटना से कुछ दिन पहले मुख्य आरोपित ने पार्षद पति की हत्या के लिए राहुल से संपर्क किया था। राहुल ने वारदात के लिए गिरोह में अपने भाई और दोस्त को शामिल किया था।

शूटरों के साथ हथियार, बाइक और ऑटो का प्रबंध किया था। शूटरों को बाइक और ऑटो से लाया गया था। उन्हें घटनास्थल से कुछ दूरी पहले ही उतार दिया गया।

वहां शूटरों को राहुल और चंदन ने हथियार उपलब्ध कराया था। फिर कुछ दूर पैदल चलने के बाद पहले से खड़ी बाइक पर सवार होकर तीन शूटर अपार्टमेंट में पहुंचे थे।

गोली मारने के बाद तीनों बाइक वहां पहुंचे, जहां शंभु पहले से ऑटो लेकर तीनों का इंतजार कर रहा था। तीनों एक दुकान के पास बाइक छोड़कर ऑटो में सवार होकर फरार हो गए थे।

तकनीकी जांच से आरोपितों तक पहुंची पुलिस

बुधवार की देर शाम बुद्धा कॉलोनी के चकारम निवासी पार्षद पति अनिल कुमार यादव अपार्टमेंट के बेसमेंट में बैठे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर हमला कर दिया था।

उनका कंकड़बाग स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल अनिल यादव के फर्द बयान पर चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस किया गया।

एएसपी विधि-व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, काल डिटेल और टावर डंप के जरिए आरोपितों तक पहुंची।

यह भी पढ़ें- पटना में अपार्टमेंट के बेसमेंट में पार्षद पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच गोलियां लगीं; बाइक सवार तीन हमलावर फरार