विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: मधुबनी में NIA की बड़ी कार्रवाई, आतंकी हैंडलर से संपर्क के मामले में पत्नी-बेटा हिरासत में

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:44 PM (IST)

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मधुबनी के सरसोपाही गांव में छापेमारी कर मोहम्मद इजहार की पत्नी फिरोजा और बेटे मोहम्मद उस्मान को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई तीन महीने पहले आतंकी हैंडलर से संपर्क के आरोप में गिरफ्तार इजहार के मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।

मधुबनी में NIA की बड़ी कार्रवाई

मधुबनी में NIA की बड़ी कार्रवाई

HighLights

  1. NIA ने मधुबनी के सरसोपाही गांव में की छापेमारी।

  2. आतंकी हैंडलर से संपर्क मामले में दो लोग हिरासत में।

  3. मोहम्मद इजहार की पत्नी और बेटे से पूछताछ जारी।

राज्य ब्यूरो, पटना। मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड स्थित सरसोपाही गांव में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। सात सदस्यीय एनआईए टीम ने गांव में छापेमारी कर फिरोजा और उसके बेटे मोहम्मद उस्मान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। टीम मध्य प्रदेश से मधुबनी पहुंची थी।

तीन महीने पहले पति की हुई थी गिरफ्तारी

हिरासत में लिए गए दोनों लोग मोहम्मद इजहार की पत्नी और बेटा हैं। गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले एनआईए ने मोहम्मद इजहार को पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर के संपर्क में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब उसी मामले की जांच के सिलसिले में उसकी पत्नी और बेटे से पूछताछ की जा रही है।

व्हाट्सएप चैट से खुला था संपर्क का मामला

जांच एजेंसी के अनुसार, मोहम्मद इजहार पर आरोप है कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर के संपर्क में था। जांच के दौरान दोनों के बीच बातचीत से जुड़े चैट सामने आने की बात कही गई थी। इन चैट में दंगा फैलाने और इलाके में अशांति पैदा करने की कथित साजिश से संबंधित बातें होने का आरोप है।

साजिश के पहलुओं की जांच में जुटी एजेंसी

इसी मामले में एनआईए अब इजहार के पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों या गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध है या नहीं। फिलहाल फिरोजा और मोहम्मद उस्मान से पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।