बिहार में नीट फर्जीवाड़े की खुली एक और परत, परीक्षा केंद्र पर फिंगरप्रिंट सेटिंग करने वाला कर्मी गिरफ्तार
नीट यूजी धांधली मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने एक और आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। वह बायोमेट्रिक कर्मी था और फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाने के लिए फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी करता था, जिसके लिए लाखों रुपये वसूले जाते थे।

फिंगरप्रिंट सेटिंग करने वाला कर्मी गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नीट यूजी धांधली में बायोमेट्रिक कर्मी संतोष कुमार गिरफ्तार।
फर्जी अभ्यर्थियों के लिए फिंगरप्रिंट सत्यापन में करता था हेराफेरी।
प्रति अभ्यर्थी 12 से 30 लाख रुपये तक की वसूली।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में नीट यूजी में धांधली के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संतोष कुमार वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के कटरा का रहने वाला है।
वह बायोमेट्रिक कर्मी था और मूल परीक्षार्थियों की जगह फर्जी अभ्यर्थियों (स्कालर) को परीक्षा में बैठाने के लिए डाटा मैच कराने से लेकर परीक्षा के दिन फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी करता था। इसके लिए प्रति अभ्यर्थी 12 से 30 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। ईओयू ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पावापुरी थाना में तीन मई को प्राथमिकी दर्ज
ईओयू के अनुसार, इस साल नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर नालंदा के गिरियक (पावापुरी) थाना में तीन मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, 21 जून को आयोजित नीट की पुनर्परीक्षा परीक्षा में अनियमितता को लेकर लखीसराय के कवैया थाना में दो और किउल थाना में एक मामला दर्ज हुआ था। इन चारों मामलों का शुरुआती अनुसंधान संबंधित जिला पुलिस ने किया जिसे बाद में ईओयू को सौंप दिया गया।
फार्म भरने समय ही सेटिंग, आधार एजेंटों से भी सेटिंग
इस मामले में गिरफ्तार किए जा चुके महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, पावापुरी के डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट ने खुलासा किया था कि संतोष कुमार समेत अन्य लोगों की मदद से मूल अभ्यर्थियों की जगह स्कालर बिठाए जाते थे। जांच में सामने आया कि परीक्षा फार्म भरने के दौरान ही मूल अभ्यर्थी और स्कालर के बीच सेटिंग कर ली जाती थी।
इसके बाद कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों की मदद से मूल अभ्यर्थी के स्थान पर स्कालर का बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाता था। फोटो मिक्सिंग के जरिये पहचान में भी बदलाव किया जाता था, ताकि सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में नहीं आए।
इस गिरोह में लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा के बायोमेट्रिक वेंडरों की संलिप्तता भी सामने आई है। वहीं, नीट काउंसिलिंग में नामांकन के लिए फर्जी आय, दिव्यांगता और जाति प्रमाणपत्र बनवाने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
मामले में डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ईओयू अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।