बिहार MLC चुनाव रिजल्ट: शिक्षक सीटों पर नए चेहरों का कब्जा, स्नातक में दिग्गजों ने बचाई अपनी साख
बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्रों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में नए ...और पढ़ें

बिहार MLC चुनाव परिणाम: शिक्षकों ने बदले चेहरे, स्नातकों ने दोहराया भरोसा
HighLights
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में नए उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पुराने चेहरों पर फिर भरोसा।
पटना स्नातक से जदयू के नीरज कुमार विजयी हुए।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्रों के चुनाव का परिणाम (Bihar MLC Election Result 2026) आ गया है। सभी चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में जहां नए उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं तो चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में किसी नए को अवसर नहीं मिला है।
चर्चित पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार (JDU Neeraj Kumar) चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने राजद के दिलीप कुमार (RJD Dilip Kumar) को पराजित किया। जन सुराज के अनुज सिंह (Jan Suraaj Anuj Singh) तीसरे नम्बर पर रहे।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (Patna MLC Election Result) से पांच चुनाव जीते भाजपा के नवल किशोर यादव (BJP Naval Kishor Yadav) इस बार हार गए हैं। उन्हें राजद के डॉ. संजीव (RJD Dr. Sanjeev) ने पराजित किया।
डॉ. संजीव को 4487 और नवल किशोर यादव को 3430 वोट मिला। जसुपा की दिव्या ज्योति 1571 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहीं।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (Tirhut MLC Election Result) से निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने जदयू के अभिषेक झा को 9147 वोटों के अंतर से पराजित किया था।
इस सीट पर 2020 के चुनाव में जदयू के देवेश चंद्र ठाकुर की जीत हुई थी। उनके लोकसभा चुनाव जीतने के बाद 2024 में उपचुनाव हुआ, जिसमें निर्दलीय ब्रजवासी की जीत हुई थी। अभिषेक झा उस उपचुनाव में भी जदयू के उम्मीदवार थे।
ब्रजवासी की लगातार दूसरी जीत और अभिषेक झा की लगातार दूसरी हार है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत हुई। वे 12 साल पहले भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
दरभंगा स्नातक क्षेत्र (Darbhanga MLC Election Result) से भाजपा के सर्वेश कुमार ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। सर्वेश 2026 में निर्दलीय चुनाव जीते थे। तब उन्होंने जदयू के प्रो. दिलीप चौधरी को हराया था।
उस समय तीसरे नम्बर पर रहे राजद उम्मीदवार अनिल कुमार झा इस चुनाव में सर्वेश के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे। सर्वेश को 13280 और अनिल को 12096 वोट मिले। जन सुराज के मोहम्मद इम्तियाज को 8044 और कांग्रेस के रजनीकांत पाठक को 3496 वोट मिला।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (Kosi MLC Election Result) से लगातार तीसरी बार जीत का परचम लहराने में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. एनके यादव सफल रहे हैं। दूसरी वरीयता प्राप्त मतों की गिनती के आधार पर उन्होंने इस बार जीत की हैट्रिक बनाई है।
डॉ. एनके यादव ने 10,026 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के नीतेश कुमार से जीत हासिल की है।
प्रथम वरीयता के 11 राउंड तक चले गिनती में उन्हें 24,258 मत मिले, जबकि राजद के नितेश कुमार को 18,918 मत मिले, जबकि पहली बार चुनाव लड़ रहे जन सुराज के रजनीश रंजन 16264 लाकर तीसरे स्थान पर रहे।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय चुनाव जीत गए हैं। कुल 7,495 वैध मतों में राय को कुल 4,088 मत प्राप्त हुए हैं। दूसरे नम्बर पर कांग्रेस के डॉ. मदनमोहन झा रहे। जदयू के घनश्याम राय को 862 मत मिले हैं।
राजद के कुमर राउत सिर्फ 128 मत लाने में सफल हुए। दिलचस्प यह है कि सुरेश राय ने कांग्रस के डॉ. मदनमोहन झा को पराजित किया है, उनसे वे दो चुनाव हार चुके हैं।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (Saran MLC Election Result) से निर्दलीय राहुल राज की जीत हुई। उन्होंने जदयू के आनंद पुष्कर को पराजित किया।
यह भी पढ़ें- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन: निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शुरू की थी पारी, अब जन सुराज से जीते डॉ सुरेश
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election 2026: बिहार की 8 में से 6 सीटों पर सवर्ण प्रत्याशियों की जीत, 2 पर चौंकाने वाले नाम
