विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन: निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शुरू की थी पारी, अब जन सुराज से जीते डॉ सुरेश

Published: Wed, 28 Oct 2026 06:55 PM (IST)

Bihar MLC Election: डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के समर्थन से ऐतिहासिक जीत ...और पढ़ें

डॉ. सुरेश प्रसाद राय। फाइल फोटो

डॉ. सुरेश प्रसाद राय। फाइल फोटो

HighLights

  1. डॉ. सुरेश राय ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शानदार जीत दर्ज की।

  2. उनका राजनीतिक सफर निर्दलीय से शुरू होकर जन सुराज तक पहुंचा।

  3. शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है।

प्रिंस कुमार, दरभंगा। Darbhanga Teacher Constituency: दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले डॉ. सुरेश प्रसाद राय का राजनीतिक सफर काफी संघर्षों और अनुभवों से भरा रहा है।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में की थी। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रास्ते होते हुए जनसुराज परिवार से जुड़े और अपनी मेहनत के दम पर यह बड़ा मुकाम हासिल किया।

व्यक्तिगत परिचय और शिक्षा

डॉ. सुरेश प्रसाद राय का जन्म 5 जनवरी 1959 को हुआ था। उनके पिता का नाम स्व. रामदेव राय है। उनका मूल स्थानीय निवास सुहृद नगर, बेगूसराय में है।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने विज्ञान विषय में एमएससी और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी गहरी पकड़ और विद्वत्ता उनके लंबे प्रशासनिक व शैक्षणिक अनुभवों में साफ झलकती है।

शिक्षण कार्य का लंबा अनुभव

राजनीति में आने से पहले उन्होंने एक शिक्षक के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। डॉ. राय ने 31 अगस्त 1984 से राजकीयकृत विद्यालय में विज्ञान शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।

इसके बाद उन्होंने बीपी इंटर कॉलेज, बेगूसराय से 30 अप्रैल 2011 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली और पूरी तरह से सामाजिक व राजनीतिक जीवन में सक्रिय हो गए।

पहले भी आजमा चुके थे किस्मत

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मैदान में उनका पुराना अनुभव रहा है। इससे पहले वह शिक्षक निर्वाचन सीट से बतौर भाजपा प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में उतरे थे, जहां वे दूसरे स्थान पर रहे थे।

इससे भी पहले उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपनी किस्मत आजमाई थी, जहां से उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की नींव रखी थी। अब जनसुराज के समर्थन से उन्होंने इस सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

वर्तमान दायित्व एवं प्रशासनिक अनुभव

डॉ. सुरेश प्रसाद राय वर्तमान में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ (जमाल रोड, पटना) के उपाध्यक्ष हैं।

इसके अलावा वह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा और केएसडीएसयू (कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय) के सीनेट सदस्य भी हैं।

राष्ट्रीय और सामाजिक भूमिका

शैक्षणिक और राजनीतिक दायित्वों के साथ-साथ वह कई राष्ट्रीय और सामाजिक संस्थानों से भी जुड़े हैं। वह भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य और भारत स्काउट एवं गाइड, बिहार के मुख्य सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इसके साथ ही वह एमआरजेडी कॉलेज बेगूसराय के शासी निकाय (Governing Body) के अध्यक्ष और स्वर्ण जयंती केंद्रीय पुस्तकालय बेगूसराय के सदस्य भी हैं।

यह भी पढ़ें- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में जन सुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने दर्ज की शानदार जीत

यह भी पढ़ें- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय जीते, कांग्रेस के मदन मोहन झा को हराया