विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा शिक्षक चुनाव: सुरेश प्रसाद राय की बढ़त से मुकाबला हुआ रोमांचक

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:28 PM (IST)

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जनसुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय 387 मतों से आगे हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित डॉ. मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर हैं।

दरभंगा में मतगणना स्थल पर जुटे पदाधिकारी।

दरभंगा में मतगणना स्थल पर जुटे पदाधिकारी।

HighLights

  1. सुरेश प्रसाद राय 387 मतों से आगे चल रहे हैं।

  2. डॉ. मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर, कड़ी चुनौती।

  3. जीत के लिए 3,749 मतों का कोटा निर्धारित।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जनसुराज समर्थित उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने बढ़त बना रखी है। कांग्रेस समर्थित डा. मदन मोहन झा उन्हें चुनौती दे रहे हैं।

प्रथम चरण की गणना पूरी होने के बाद सुरेश प्रसाद राय 2,574 मतों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि डा. मदन मोहन झा को 2,187 मत मिले हैं। दोनों के बीच 387 मतों का अंतर है। चौथे राउंड की गिनती जारी है। ऐसे में सबकी नजरें अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।

7753 मतपत्रों की गिनती पूरी

लहेरियासराय स्थित खेल भवन में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रथम चरण की मतगणना पूरी हो चुकी है। कुल 7,753 मतपत्रों की गिनती की गई। इनमें 7,495 मत वैध और 258 मत अवैध घोषित किए गए। वैध मतों के आधार पर जीत के लिए 3,749 मतों का कोटा निर्धारित किया गया है।

तीसरे स्थान पर रामदेव राय

प्रथम चरण की गणना में माकपा समर्थित उम्मीदवार रामदेव राय 1,498 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार घनश्याम राय को 812 मत मिले हैं। वह चौथे स्थान पर चल रहे हैं। वहीं, राजद के कुमार राउत को 126 मत प्राप्त हुए हैं।

रात 10 बजे से स्नातक निर्वाचन की गिनती

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगे की मतगणना जारी है। जिला निर्वाची पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि रात 10 बजे से स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती शुरू होगी। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के परिणामों को लेकर उम्मीदवारों और समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन में बड़ा उलटफेर, भाजपा समर्थित नरेंद्र प्रसाद सिंह जीते