अनंत सिंह पर अब एक्शन लेगा JDU? नीरज कुमार बोले- तबीयत खराब कर देगी पार्टी
बिहार विधान परिषद चुनाव में मतदान के बाद नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा करते हुए विरोधियों के खिलाफ ...और पढ़ें

पटना में पत्रकारों से बात करते नीरज कुमार। वीडियो ग्रैब
HighLights
नीरज कुमार ने बिहार विधान परिषद चुनाव में जीत का दावा किया।
उन्होंने विरोधियों के खिलाफ पार्टी की कार्रवाई का संकेत दिया।
अनंत सिंह ने अपनी जीत पर भरोसा जताया, जश्न की तैयारी।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव में मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी नजर परिणाम पर टिकी है। 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।
इस बीच चुनाव में जदयू प्रत्याशी और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार तथा मोकामा के विधायक अनंत सिंह के बीच की तल्खी चर्चा में है। अब भी यह कम होती नहीं दिख रही।
अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार पर हमलावर रहे हैं। अब नीरज के ताजा बयान से राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी विरोध करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी या नहीं।
शनिवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न हो गया है और इसमें कार्यकर्ताओं की जीत हुई है।
उन्होंने इस चुनाव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति कार्यकर्ताओं के स्नेह और राजनीतिक अपराधीकरण के खिलाफ बौद्धिक जनादेश से जोड़ते हुए कहा कि इसका गहरा असर पड़ेगा।
नीरज कुमार बोले- विरोध करने वालों की तबीयत खराब कर देगी पार्टी
नीरज कुमार ने विरोधियों को लेकर सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने कहा, 'जिन लोगों ने विरोध किया, उनकी तबीयत खराब रहेगी। कब होगा नहीं जानते हैं लेकिन पार्टी इनलोगों का तबीयत खराब कर देगी। यह हंड्रेड परसेंट कन्फर्म है।'
उनके इस बयान को चुनाव के दौरान विरोध करने वालों के खिलाफ पार्टी स्तर पर संभावित कार्रवाई के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, नीरज कुमार ने अपने बयान में किसी व्यक्ति का नाम लेकर कार्रवाई की औपचारिक घोषणा नहीं की। नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संस्कार और उनके प्रति कार्यकर्ताओं के स्नेह ने रिकॉर्ड कायम किया है।
उन्होंने चुनाव को राजनीतिक अपराधीकरण के खिलाफ बौद्धिक जनादेश बताते हुए दावा किया कि इसका दूरगामी असर देखने को मिलेगा।
अनंत सिंह के घर जीत के जश्न की तैयारी
दूसरी ओर, चुनाव परिणाम आने से पहले ही अनंत सिंह की ओर से जीत को लेकर भरोसा जताया जा रहा है। उनके घर पर एक लाख लोगों के लिए भोज की तैयारी की चर्चा है।
इसे लेकर बिहार सरकार के मंत्री बुलो मंडल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'कुछ भी बोलना ज्यादा पड़ जाएगा। परिणाम में दो दिन शेष बचे हैं। उसको देख लें।'
मंत्री के इस बयान को चुनाव परिणाम आने तक इंतजार करने की सलाह के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल, चुनावी मुकाबले के नतीजे सामने आने बाकी हैं। ऐसे में परिणाम ही स्पष्ट करेगा कि किसके दावे सही साबित होते हैं।
