विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार MLC चुनाव: 'वोट डालने से पहले 2005 का बिहार याद करें', नीरज-नवल की जीत के लिए NDA नेताओं ने झोंकी ताकत

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:09 PM (IST)

पटना में एनडीए नेताओं ने विधान परिषद चुनाव के लिए नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के समर्थन में बैठक ...और पढ़ें

जनसभा को संबोधित करते स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार।

जनसभा को संबोधित करते स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार।

HighLights

  1. एनडीए नेताओं ने नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के लिए बैठक की।

  2. मतदाताओं से 2005 से पहले और आज के बिहार को याद करने की अपील।

  3. नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर जोर दिया गया।

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) के लिए पटना स्नातक से जदयू प्रत्याशी नीरज व पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव के लिए एनडीए नेताओं की बैठक हुई।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इस मौके पर कहा कि विधान परिषद चुनाव के लिए वोट करते समय पहले और आज के बिहार को अवश्य याद करें।

कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने मतदाताओं से आगामी 23 अक्टूबर को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देकर दोनों प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

'नीतीश के नेतृत्व में NDA सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किया'

उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में स्नातक मतदाताओं की संख्या कितनी थी और आज यह संख्या कहां तक पहुंची है, इस पर भी गौर करना चाहिए। यह बदलाव किसके शासनकाल में हुआ, यह भी समझने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हर पंचायत में प्लस टू विद्यालय स्थापित करने की दिशा में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किया है।

'2005 से पहले के बिहार...'

निशांत ने कहा कि 23 अक्टूबर को मतदान करते समय वर्ष 2005 से पहले के बिहार और आज के बिहार की स्थिति को अवश्य याद करें। नई पीढ़ी को भी उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराएं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार की बागडोर संभालने के बाद नीतीश कुमार ने सुशासन और विकास को अपना मूलमंत्र बनाया तथा शिक्षा के व्यापक विस्तार से लेकर रोजगार सृजन तक के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों के शासन में बिहार को गढ़ने और न्याय के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। यह चुनाव न्याय के साथ विकास और सबका साथ, सबका विकास की धारा को और मजबूती देने का अवसर है।

हम नेता अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने निरंतर निष्ठा और ईमानदारी के साथ बिहार की सेवा की है तथा उनके नेतृत्व में राज्य के हर क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से बिहार की तस्वीर बदली है।

मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। एनडीए सरकार ने राज्य की तस्वीर बदलने और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

मंत्री श्रेयसी सिंह की अपील

मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रत्येक मतदाता का एक-एक मत विकसित और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक संपर्क स्थापित करने तथा नीरज कुमार एवं नवल किशोर यादव को विजयी बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

संजय सिंह ने कहा कि एनडीए गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना हम सभी की प्राथमिकता है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जिस एकजुटता का परिचय दिया गया था, उसी एकजुटता को बनाए रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ चुनाव में जुटना है।

मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि एनडीए के सभी कार्यकर्ता नीरज कुमार एवं नवल किशोर यादव के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता साथी एनडीए सरकार के कार्यों से भलीभांति परिचित हैं।

यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर की नीतीश कुमार को खुली चुनौती, बोले- नीरज कुमार के समर्थन में एक मिनट का वीडियो जारी करें

यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए भाजपा ने रचा 'चक्रव्यूह', बांकीपुर की हार का बदला लेने की तैयारी