JDU प्रत्याशी को हराने वाले राहुल राज की BJP में वापसी, उमेश कुशवाहा ने उठाए तीखे सवाल
बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद जदयू और भाजपा के बीच तल्खी बढ़ गई है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उठाए सवाल। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
एमएलसी चुनाव नतीजों के बाद जदयू-भाजपा में तनाव।
भाजपा ने निर्दलीय जीते राहुल राज को पार्टी में लिया।
जदयू ने इस कदम को गठबंधन धर्म के खिलाफ बताया।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के दो प्रमुख सहयोगी दलों—जदयू और भाजपा—के बीच तल्खी खुलकर सामने आ गई है।
चुनाव में बतौर निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज करने वाले राहुल राज के भाजपा का दामन थामने पर जदयू ने कड़ा एतराज जताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने इस कदम की टाइमिंग और औचित्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
निष्कासन के तुरंत बाद वापसी पर जदयू का ऐतराज
उमेश कुशवाहा ने खासतौर पर राहुल राज की भाजपा में वापसी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस नेता को पार्टी ने 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया था, चुनाव जीतते ही इतनी हड़बड़ी में उसे वापस लेने का क्या औचित्य है?
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा के केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व को इस पूरे प्रकरण पर गंभीरता से मंथन करना चाहिए। जदयू के इस कड़े रुख से संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इसे गठबंधन धर्म के विपरीत मान रही है और मामले को आसानी से छोड़ने के मूड में नहीं है।
राहुल ने जदयू प्रत्याशी को था हराया
गौरतलब है कि विधान परिषद की इन दोनों सीटों पर जदयू के अधिकृत उम्मीदवारों को इन्हीं निर्दलीय प्रत्याशियों के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। जदयू नेताओं को पटखनी देकर सदन पहुंचे नेताओं को सहयोगी दल भाजपा द्वारा तुरंत अपने पाले में खींचने से जदयू खेमे में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
हालांकि, उमेश कुशवाहा ने राहुल राज के निष्कासन और फिर से शामिल किए जाने के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उनके तीखे बयानों ने यह साफ कर दिया है कि चुनाव परिणाम के बाद एनडीए के भीतर आंतरिक खींचतान और अविश्वास का माहौल गहरा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।