NDA एकजुट, महागठबंधन में टकराव; सभी 8 सीटों पर उतरकर JSP ने MLC चुनाव में लगाया सियासी तड़का!
बिहार विधान परिषद चुनाव में प्रमुख दल आम चुनाव की तरह गहरी दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिसमें जनसंपर्क और लिफाफा बांटने जैसे आरोप सामने आए हैं।
-1792680471335_m.webp)
पहली बार परिषद चुनाव में नजर आई सभी दलों की गहरी दिलचस्पी
HighLights
प्रमुख दल विधान परिषद चुनाव में आम चुनाव जैसी दिलचस्पी दिखा रहे।
चुनाव में लिफाफा बांटने के आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल हुए दृश्य।
एनडीए एकजुट, महागठबंधन के दल कई सीटों पर आपस में टकरा रहे।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधान परिषद का संभवत: यह पहला चुनाव (Bihar MLC Chunav 2026) होने जा रहा है, जिसमें प्रमुख पार्टियां आम चुनाव की तरह दिलचस्पी दिखा रही हैं। जबरदस्त जनसंपर्क और आरोप प्रत्यारोप तो अब चुनावों के श्रृंगार बन गए हैं, नई शुरुआत लिफाफा बांटने की हुई है।
कई क्षेत्रों से यह सूचना आई है कि श्रीदुर्गाशप्तशती के बीच में आशीर्वाद स्वरूप रुपये बांटे गए हैं। यह आरोप किसी एक दल के उम्मीदवार पर नहीं लगा है। सोशल मीडिया पर इस तरह के दृश्य खूब वायरल हुए हैं।
चुनाव प्रचार में महागठबंधन की तुलना में एनडीए की सक्रियता अधिक दिखाई पड़ी। नामांकन के दिन एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मंच पर विराजमान रहे।
जिलों में आयोजित बैठकों में भी एनडीए की एकजुटता बनी रही। इसके पांच में से केवल दो दल भाजपा और जदयू चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के रामपुकार सिन्हा सारण शिक्षक स्नातक क्षेत्र से उम्मीदवार हैं, लेकिन उन्होंने जदयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर का समर्थन कर दिया है।
महागठबंधन में टकराव
दूसरी तरफ महागठबंधन के प्रमुख दल राजद, कांग्रेस और वाम दलों के उम्मीदवार कई सीटों पर आपस में टकरा रहे हैं। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजद और कांग्रेस के अलावा भाकपा माले के भी उम्मीदवार हैं।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद और भाकपा ने कांग्रेस का समर्थन किया है, क्योंकि यह कांग्रेस की जीती हुई सीट है, लेकिन माकपा ने अपना उम्मीदवार दे दिया है। मदनमोहन झा कांग्रेस के उम्मीवार हैं।
इसी तरह तिरहुत शिक्षक क्षेत्र में राजद और कांग्रेस ने भाकपा के संजय कुमार सिंह का समर्थन किया है। यह भाकपा की जीती हुई सीट है। शिक्षक क्षेत्र में कांग्रेस के बागी राजेश राठौड़ भी मैदान में हैं।
कोसी (कोशी) और पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में महागठबंधन के उम्मीदवार आपस में लड़ रहे हैं। एनडीए में सबसे दिलचस्प लड़ाई पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में है। इसके उम्मीदवार नीरज कुमार के विरुद्ध जदयू विधायक अनंत सिंह आक्रामक हैं। वे जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का प्रचार कर रहे हैं।
सभी 8 सीटों पर लड़ रही जन सुराज पार्टी
जन सुराज पार्टी (JSP) अकेली पार्टी है, जिसके उम्मीदवार सभी आठ सीटों पर हैं। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2023 में हुए उप चुनाव में जन सुराज पार्टी समर्थित निर्दलीय आफाक अहमद जीते थे। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के पास गंवाने के लिए केवल यही सीट है, जबकि वह कई नई सीटों पर जीत के लिए प्रयास कर रही है।
एनडीए की तरह जन सुराज पार्टी ने भी सघन चुनाव प्रचार अभियान चलाया है। शुक्रवार को मतदान है। 27 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। उससे ही पता चल पाएगा कि किस गठबंधन को बड़ी सफलता मिली
आठ सीटों पर दलीय उम्मीदवार
भाजपा-04, जदयू-04, राजद-06, कांग्रेस-05, भाकपा-01, माकपा-01, भाकपा माले-01, जन सुराज पार्टी पार्टी-08।
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए सुपौल में 13 केंद्रों पर होगा मतदान, 9461 मतदाता डालेंगे वोट
यह भी पढ़ें- MLC और MLA में क्या अंतर होता है? चुनाव की प्रक्रिया से लेकर कानूनी हक तक पूरी जानकारी
