विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Election: फाइनल डाटा में बढ़ गया वोटिंग प्रतिशत, पटना स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा उछाल

Published: Sun, 25 Oct 2026 12:05 PM (IST)

अंतिम आंकड़ों के अनुसार Bihar MLC Election में मतदान प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई है। पटना स्नातक सीट पर ...और पढ़ें

चुनाव के बाद बाक्स जमा करते कर्मचारी। फोटो जागरण

चुनाव के बाद बाक्स जमा करते कर्मचारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. पटना स्नातक सीट पर 21.37% मतदान वृद्धि दर्ज।

  2. शिक्षक सीटों पर 82.85% और स्नातक पर 53.42% मतदान।

  3. सारण शिक्षक क्षेत्र में सर्वाधिक 89.05% वोटिंग हुई।

राज्य ब्यूरो, पटना। अंतिम आंकड़ों में पटना (स्नातक) सीट पर पड़े वोटों में 21.37% की वृद्धि हो गई। मतदान में सर्वाधिक वृद्धि इसी सीट पर दर्ज हुई है, जो इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चा में रही है। अब यहां के परिणाम की प्रतीक्षा है।

बहरहाल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक कोटे की आठ सीटों पर हुए मतदान के अंतिम आंकड़े शनिवार दोपहर सार्वजनिक कर दिए।

स्नातक क्षेत्रों में औसत 53.42% और शिक्षक क्षेत्रों में 82.85% मतदान दर्ज किया गया है। अंतिम आंकड़ों में इन दोनों श्रेणी की सीटों पर पड़े मतों में क्रमश: 9.55% और 8.30% की वृद्धि दर्ज की गई।

शुक्रवार अपराह्न चार बजे तक शिक्षक कोटे की सीटों पर 74.55% और स्नातक कोटे की सीटों पर 43.87% मतदान की सूचना थी।

कुल आठ सीटों पर शुक्रवार (23 अक्टूबर) को मतदान हुआ था। मतदान में शिक्षकों ने स्नातक वालों को काफी पीछे छोड़ दिया। शिक्षक कोटे की चार सीटों पर मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया, जबकि स्नातक कोटे की चार सीटों पर उदासीनता रही।

कुल 150 प्रत्याशियों (स्नातक कोटे में 90 और शिक्षक कोटे में 60) का भाग्य मतपेटियों में बंद हो चुका है। मतगणना के बाद 27 अक्टूबर को देर रात परिणाम की घोषणा के साथ आशा-निराशा के बादल भी छंट जाएंगे।

पटना में बदला आंकड़ा

स्नातक की तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान प्रतिशत में सर्वाधिक बदलाव पटना सीट पर हुआ है। शुक्रवार अपराह्न चार बजे मतदान के आंकड़े जारी करते हुए सीईओ कार्यालय ने स्पष्ट कर दिया था कि अंतिम मतदान प्रतिशत बाद में जारी किया जाएगा और उसमें परिर्वतन स्वाभाविक है।

कारण यह कि चार बजे तक मतदान का समय निर्धारित था। तब तक बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार थी, जो देर शाम तक मतदान किए। प्रारंभिक आंकड़ों में उनकी गणना नहीं हुई थी।

अंतिम आंकड़े बता रहे कि सारण (शिक्षक) क्षेत्र में सर्वाधिक (89.05%) वोटिंग हुई है। तिरहुत (स्नातक) क्षेत्र में सबसे कम (48.51%) मतदान हुआ है।

यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव में वोट नहीं डाल सके प्राइमरी टीचर, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में बदलाव की मांग 

यह भी पढ़ें- MLC चुनाव रिजल्ट से पहले अनंत सिंह के घर पर जश्न की तैयारी, मिठाई बनाने में जुटे हलवाई