बिहार में अशोक चौधरी ही नहीं, 2 और मंत्रियों के पास प्रोफेसर का पद; विपक्षी नेता भी ले चुके हैं डबल पोस्ट
मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का प्रोफेसर पद पर विवाद इसलिए गहराया है क्योंकि पाटलिपुत्र विवि ने उनके लियन को स्वीकृति नहीं दी।
-1795006734849_m.webp)
मंत्री रामचंद्र प्रसाद, अशोक चौधरी और संतोष कुमार सुमन। सोशल मीडिया
HighLights
अशोक चौधरी के प्रोफेसर पद पर लियन अस्वीकृत हुआ।
दो अन्य मंत्री भी प्रोफेसर पद पर कार्यरत हैं।
यह प्रथा लालू शासनकाल से ही चली आ रही है।
राज्य ब्यूरो, पटना। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी विधानमंडल दल का सदस्य रहते प्रोफेसरी शुरू करने वाले पहले व्यक्ति नहीं हैं।
उनके दो मंत्रिमंडलीय सहयोगी भी इसी प्रक्रिया से असिस्टेंट प्रोफेसर बने हैं। दोनों ने संबंधित विश्वविद्यालयों से छुट्टी ली और अब मंत्रालय चला रहे हैं। राजद के शासनकाल में भी ऐसे विधायकों की उपस्थिति रही है।
पहले भी दो पद, अशोक चौधरी के मामले में विवाद क्यों?
डॉ. चौधरी का विवाद इसलिए तूल पकड़ रहा है कि उनके लियन को पाटलिपुत्र विवि की सिंडिकेट ने स्वीकृति नहीं दी। मामला राजभवन को भेज दिया। राजभवन ने महाधिवक्ता की राय मांगी है।
पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद 2020 में दरभंगा जिला के हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक बने। 31 दिसंबर 2024 को उन्होंने कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि में मैथिली के असिस्टेंट प्रोफेसर का पदभार ग्रहण किया।
उसी दिन उन्होंने विशेष अवकाश का आवेदन दिया। इस साल 21 अप्रैल को हुई विवि की सिंडीकेट की बैठक में उनके विशेष अवकाश वाले आवेदन को स्वीकृति दी गई।
बिहार राज्य विवि अधिनियम 1976 की संशाेधित धारा 68 के अनुसार, विशेष अवकाश के अलावा उनके आवेदन के उस अंश को भी स्वीकृति दी गई, जिसमें मई 2026 से विवि से ही वेतन देने का अनुरोध किया गया था।
हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन मगध विवि के गया कॉलेज गया में राजनीति शास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने 20 सितंबर 2019 को पदभार ग्रहण किया। उस समय वे विधान परिषद के सदस्य थे। अभी मंत्री हैं।
डॉ. सुमन ने अपने कॉलेज के प्रिंसिपल को दिए आवेदन में लिखा कि वे विश्वविद्यालय के बदले विधान परिषद से वेतन लेंगे। जाहिर है, वह भी अवकाश पर ही हैं।
राजद विधायक भी प्रोफेसर
राजद के विधायक गौतम कृष्ण बीएन मंडल विवि मधेपुरा में राजनीति शास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। नवंबर 2025 में विधायक बनने के बाद 2026 में उन्होंने पदभार ग्रहण किया। वह भी लियन पर चल रहे हैं और विवि से वेतन नहीं ले रहे हैं।
उन्होंने कहा-विवि के वर्तमान नियम के अनुसार मैंने पदभार ग्रहण किया। अगर इसमें कोई बदलाव होता है तो सहर्ष नौकरी छोड़ देंगे।
लालू शासन में भी यह हुआ
मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के कार्यकाल में 1995-97 के बीच तत्कालीन जनता दल के विधायक मोनाजिर हसन, सीता देवी और रामानंद यादव व्याख्याता बने थे।
उस समय असिस्टेंट प्रोफेसर का पदनाम व्याख्याता होता था। इनमें से मोनाजिर हसन और सीता देवी को मंत्री पद भी मिला था।
यह भी पढ़ें- BPSC 71वीं मुख्य परीक्षा: सफल अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में वॉटरमार्क दस्तावेज अनिवार्य