600 ग्राम सोना; 2 KG चांदी और 7 लाख कैश गायब, बिहार में मिनिस्टर के घर से 4 ताले तोड़कर और क्या ले गए चोर
बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के पटना स्थित निजी आवास में लाखों की चोरी हुई है। चोरों ने छठ ...और पढ़ें

संजय टाइगर के घर चोरी (सोर्स: जागरण)
HighLights
मंत्री संजय टाइगर के पटना आवास में लाखों की चोरी हुई।
चोरों ने 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी, 7 लाख नकद चुराए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, एक संदिग्ध हिरासत में लिया गया।
जागरण संवाददाता, पटना। चोरों ने बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास को निशाना बनाया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कालोनी स्थित मंत्री के दो मंजिला मकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधी लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
चोरों ने घर के चार कमरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। छठ महापर्व के दौरान मंत्री संजय टाइगर का परिवार अपने आवास से बाहर गया हुआ था। घर में किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाकर चोर मकान में दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़े और अंदर रखी अलमारियों को खंगाल दिया।
सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि चोर करीब 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और सात लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं। इसके अलावा घर में रखे कई अन्य कीमती सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
चोरों ने जिस तरीके से चार कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों को खंगाला, उससे साफ है कि उन्हें घर के भीतर रखे सामान की जानकारी थी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे आवास का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

वहीं, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां भी नजर आई हैं। इस पूरे मामले में पुलिस को अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति ने चोरों को घर के अंदर की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी, उसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि घर में रखे कीमती सामान, कमरों और अलमारियों की जानकारी होने के कारण चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले घर की रेकी किसने की थी और अपराधियों को अंदरूनी जानकारी कैसे मिली।
एक-दो दिनों में हो सकता है चोरीकांड का उद्भेदन
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

हैरत की बात यह है कि पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो देखा कि महज कुछ मिनट पहले ही पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां से गुजरी और इसके बाद चोर घर में घुस गए।
यह भी पढ़ें- बिहार के मंत्री के संजय टाइगर के घर में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।