विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Librarian Exam 2026: 22 नवंबर से होगी लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा, इस दिन आ सकता है एडमिट कार्ड

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:14 PM (IST)

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नए अध्यक्ष राजेश कुमार ने पदभार संभाला और परीक्षा संचालन की समीक्षा की। लाइब्रेरियन पात्रता ...और पढ़ें

22 नवंबर को परीक्षा कराने का निर्णय

22 नवंबर को परीक्षा कराने का निर्णय

HighLights

  1. राजेश कुमार ने बिहार बोर्ड अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।

  2. लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय।

  3. मैट्रिक-इंटर 2027 के छूटे विद्यार्थियों को आवेदन का अंतिम मौका।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नए अध्यक्ष के रूप में पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2001 बैच के अधिकारी राजेश कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद समिति के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा संचालन और अन्य प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

22 नवंबर को परीक्षा कराने का निर्णय, आधिकारिक सूचना का इंतजार

बैठक में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें 22 नवंबर को परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, परीक्षा की तारीख और एडमिट कार्ड को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

सामान्य तौर पर परीक्षा की तारीख से करीब पांच दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल, एडमिट कार्ड जारी होने या परीक्षा से संबंधित अन्य विवरणों को लेकर आधिकारिक सूचना उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अभ्यर्थियों को समिति की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

मैट्रिक-इंटर 2027 के छूटे विद्यार्थियों को अंतिम मौका

बैठक में मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को राहत देने का भी निर्णय लिया गया। ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने के लिए 7 से 17 नवंबर तक का अतिरिक्त अवसर दिया गया है।

यह उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मौका है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर सके थे। संबंधित विद्यार्थियों को तय अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

एक महीने में दूर होंगी परीक्षा व्यवस्था की खामियां

नए अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि अगले एक महीने के भीतर परीक्षा संचालन की व्यवस्था में मौजूद सभी कमियों को चिह्नित कर दूर किया जाए। पूर्व में आयोजित परीक्षाओं के दौरान सामने आई खामियों और अनियमितताओं की भी समीक्षा की जाएगी।

लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही समिति में लंबित सभी मामलों का एक महीने के भीतर निष्पादन करने को कहा गया है।

लंबित मुकदमों और एमजेसी मामलों की होगी समीक्षा

अध्यक्ष राजेश कुमार ने न्यायालयों में लंबित मुकदमों और एमजेसी मामलों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके। समिति के प्रशासनिक कामकाज को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

परीक्षा कराने वाली एजेंसियों की विश्वसनीयता भी जांचेगा बोर्ड

परीक्षा और अन्य कार्यों के लिए चयनित एजेंसियों की कार्यप्रणाली की भी जांच होगी। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि एजेंसियों से इस संबंध में एनओसी ली जाए कि वे किसी भी विभाग या संस्था की ओर से ब्लैकलिस्टेड नहीं हैं। परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एजेंसियों की विश्वसनीयता और उनकी भूमिका की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।